जिला के दो केंद्रों पर कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत

सदर अस्पताल सेंटर पर 90 तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेंटर पर 80 लोगों को दिया गया टीका                  टीकाकरण अभियान का उपायुक्त ने पूरी व्यवस्था का लिया जायजा
एस.पी.सक्सेना/बोकारो। वैश्विक महामारी कोविड-19 के खिलाफ पूरे देश में भारत सरकार के दिशा निर्देश पर वैक्सीनेशन सह टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन के बाद आरंभ किया गया। इसी क्रम में बोकारो जिला में उपायुक्त राजेश सिंह (Deputy commissioner Rajesh singh) नेतृत्व में बोकारो जिला के दो केंद्रों पर कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान की शुरुआत पहले चरण के पहले दिन आरंभ की गई। बोकारो के एएनएम प्रशिक्षण केंद्र वैक्सीनेशन केंद्र पर उपायुक्त राजेश सिंह, अपर समाहर्ता विजय कुमार गुप्ता, निदेशक डीआरडीए सादात अनवर, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ एन पी सिंह एवं अनुमंडल पदाधिकारी चास शशि प्रकाश सिंह की उपस्थिति में टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई।

टीकाकरण के दौरान सदर अस्पताल में पहला टीका सदर अस्पताल की महिला सफाई मित्र अनु देवी तथा दूसरा टीका स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नीता सिन्हा को दिया गया। कोविड टीकाकरण के पश्चात उपायुक्त ने कर्मचारियों से बात चीत कर उनका हालचाल पूछा व पहले दिन टीका लगवाने की बधाई भी दी। पदाधिकारियों की उपस्थिति में टीका लेने आए लोगों ने काफी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सहजता के साथ टीका लिया। पहले चरण के पहले दिन टीकाकरण अभियान के दौरान सदर अस्पताल वैक्सीनेशन सेंटर पर कुल 90 लोगों को टीका दिया गया। इसमें 38 आंगनबाड़ी सेविका तथा 52 सदर अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी थे। वहीं चंदनक्यारी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित वैक्सीनेशन सेंटर पर उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, अंचल अधिकारी चंदनक्यारी मनोज कुमार तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी वेदवंती कुमारी की उपस्थिति में पहला टीका पुरुष सफाई मित्र मुकेश कुमार भगत तथा दूसरा टीका प्रभारी चिकित्सक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदनक्यारी डॉक्टर श्रीनाथ को दिया गया। चंदनक्यारी स्थित वैक्सीनेशन सेंटर पर कुल 80 लोगों को टीका दिया गया। इनमें से 37 आंगनबाड़ी सेविका तथा 43 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदनक्यारी के कर्मी शामिल थे।
उपायुक्त राजेश सिंह के निर्देश पर टीकाकरण अभियान की निगरानी तथा निरीक्षण करने हेतु उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी चास, अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए समेत जिले के सभी आला अधिकारी पहले चरण के पहले दिन टीकाकरण अभियान के दौरान पूरी मुस्तैदी के साथ टीकाकरण अभियान की सारी प्रक्रिया का अवलोकन तथा निरीक्षण कर रहे थे। टीकाकरण अभियान के दौरान टीकाकरण आए हेतु लोगों का हौसला अफजाई भी अधिकारियों द्वारा लगातार किया जा रहा था। टीका लेने के बाद वैक्सीनेशन सेंटर से बाहर निकलने वाले सभी लोगों का अधिकारियों द्वारा अभिनंदन भी किया जा रहा था।
उपायुक्त सिंह ने पहले चरण के पहले दिन टीकाकरण अभियान के दौरान सफलतापूर्वक बोकारो जिला के दोनों वैक्सीनेशन सेंटर पर टीकाकरण अभियान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों तथा जिले के पदाधिकारियों के आपसी समन्वय के कारण बोकारो जिला में आज टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। पहले दिन दोनों वैक्सीनेशन सेंटर पर 100 लोगों का निबंधन टीकाकरण हेतु कराया गया था। इसमें सदर अस्पताल सेंटर पर 90 तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदनक्यारी सेंटर पर 80 लोगों को सफलतापूर्वक टीका प्रदान किया गया। आने वाले 2 दिनों में पहले चरण का टीकाकरण अभियान समाप्त कर लिया जाएगा। आज से 28 दिन बाद दूसरे चरण का टीकाकरण अभियान हेतु निबंधन कराने के बाद टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। पहले चरण के टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों तथा आंगनबाड़ी सेविकाओं को कोरोना वारियर्स के रूप में चिन्हित करते हुए उन्हें टीकाकरण अभियान के माध्यम से टिका दिया जा रहा है।
उपायुक्त सिंह ने एएनएम प्रशिक्षण सेंटर एवं उप विकास आयुक्त जयकिशोर प्रसाद ने चंदनकियारी समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण करते हुए विभिन्न तैयारियों एवं कोविड वैक्सिन देने की व्यवस्थाओं के अलावा प्रतीक्षालय, ऑब्जरवेशन रूम, सत्यापन कक्ष का निरीक्षण करते हुए सिविल सर्जन को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया। साथ हीं कोविड वैक्सिन को लेकर प्रतिनियुक्त चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने वैक्सिन दिये जाने के दौरान सतर्कता और विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए जानकारी दी कि जिले में दो जगहों पर कोविड वैक्सिन दिया जा रहा है। पहला एएनएम प्रशिक्षण सेंटर एवं दूसरा चंदनकियारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र। इस दौरान सबसे पहले व्यक्ति वैक्सीनेशन ऑफिसर-1 के पास जाता है। वहां पर उसका सूची में नाम और आइडी की जांच की जाती हैं। उसके बाद उसे वैक्सीनेशन ऑफिसर-2 के पास भेजा जाता है। जहां उसका नाम विभाग की कोविन एप में चेक किया जाता है। उसके नाम का मिलान किया जाता है। यहां पर वेरीफाई होने के बाद उसे वैक्सीनेशन ऑफिसर-3 के पास भेजा गया। यहां पर उसको वैक्सीन दी जाती है। वैक्सीन के बाद उसे ऑब्जर्वेशन रूम में रखा गया। जहां पर वैक्सीन देने के बाद व्यक्ति को आधा घंटा बैठाया गया, ताकि वैक्सीन के किसी प्रकार के साइड इफेक्ट का पता चल सके। कोई साइड इफेक्ट आता है तो यहां पर एईएफआई रूम की व्यवस्था की गई है। यहां पर किसी प्रकार की दिक्कत होने पर उसका उपचार की व्यवस्था है। उसके बाद भी किसी प्रकार की परेशानी महसूस होती है तो उसे एंबुलेंस के माध्यम से सामान्य अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गयी है।

 220 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *