विधायक क्लब में 10 मार्च को होगा झारखंड तीसरा मोर्चा कार्यकर्ता सम्मेलन-लालचंद

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड तीसरा मोर्चा की उच्च स्तरीय बैठक पुराना विधानसभा में 29 फरवरी को आयोजित किया गया। अध्यक्षता मोर्चा के संयोजक सह पूर्व मंत्री लालचंद महतो ने की। बैठक के बाद प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई, जिसमें आगामी 10 मार्च को विधायक क्लब में झारखंड तीसरा मोर्चा द्वारा बैठक करने का निर्णय लिया गया। उक्त जानकारी बहुजन सदान मोर्चा केंद्रीय महासचिव अब्दुल खालिक ने दी।

इस अवसर पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए मोर्चा के संयोजक पूर्व मंत्री लालचंद महतो ने कहा कि जन दावेदारी के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा भाग लेगी। महतो ने कहा कि देश की सबसे भ्रष्टतम सरकारों में मोदी सरकार है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सर्वाधिक महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी वाली सरकार साबित हुई है। चुनाव में देश की जनता मोदी सरकार को सबक सिखाने का काम करेगी।

इस अवसर पर संपूर्ण भारत क्रांति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नील जस्टिन बेक ने कहा कि खनिज संपदा से भरा पड़ा झारखंड राज्य आज लुटेरों के चंगुल में है। उन्होंने इसके विरुद्ध बड़ा आंदोलन की आवश्यकता बताया। झारखंड नवनिर्माण दल के केंद्रीय संयोजक विजय सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार मिलकर हटिया में स्थित एचईसी कारखाना के कर्मचारी का बकाया भुगतान करते हुए पुनरुद्धार करे।

उन्होंने कहा कि महिला मंडल को लोन में फंसाना बंद कर सुरक्षा, रोजगार व अनुदान देने जैसी मुद्दों को भी उठाया। बहुजन सदन मोर्चा के महासचिव अब्दुल खालिक ने कहा कि पूंजीपतियों के फायदे के लिए देश में निजीकरण हो रहा है। आम आवाम विकास मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने कहा कि सर्वमान्य स्थानीय व नियोजन नीति राज्य में अविलंब तय होनी चाहिए।

बैठक में राष्ट्रीय जय हिंद पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष बबन चौबे ने कहा कि राज्य में विधि व्यवस्था दुरुस्त होना चाहिए। लोकहित अधिकार पार्टी के कुंज बिहारी साहू ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध आंदोलन जरूरी है। एआइएमआइएम के प्रदेश महासचिव मंसूर आलम ने कहा कि जनविरोधी सरकार के विरुद्ध लोकसभा चुनाव में डटकर मुकाबला करना होगा।

बहुजन मुक्ति पार्टी के रंजीत महतो (अधिवक्ता) ने कहा कि खनिज के लूट के विरुद्ध राज्य में उद्योग धंधो को बढ़ावा के लिए आंदोलन जरूरी है। अखिल भारतीय मानव सेवा दल के अध्यक्ष शिवप्रसाद अग्रवाल ने मजदूर किसानों के हित की बात उठाई। झारखंड जन क्रांति मोर्चा के अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने कहा कि राज्य में बिजली व्यवस्था दुरुस्त हो।

पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा नेता नीलांबर साहू ने राज्य के युवाओं के लिए रोजगार का मुद्दा उठाया। अखंड भारतीय युवा पार्टी के डॉक्टर सत्य प्रकाश मिश्रा ने जेपीएससी तथा जीएसएससी में गड़बड़ी की सीबीआई जांच की मांग की। इनके मोर्चा में शामिल अन्य पार्टी के भी पदाधिकारी ने अपने विचार व्यक्त किया।

बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 10 मार्च को झारखंड की राजधानी रांची में होनेवाले कार्यकर्ता सम्मेलन का प्रचार प्रसार राज्य में करते हुए सम्मेलन में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपरोक्त के अलावा प्रवीण कश्यप, मनीष कुमार, रामविलास साहू, आदित्य सिंह, विष्णु कुमार, मोहम्मद शहजाद अनवर मुख्य रूप से उपस्थित थे।

 69 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *