झारखंड राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड का हो गठन-दीपेश निराला

फेडरेशन ऑफ ऑल व्यापार संगठन ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। फेडरेशन ऑफ ऑल व्यापार संगठन के अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला ने 10 जनवरी को पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ राजभवन में झारखंड के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल को झारखंड राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन के लिए एक मांग पत्र सौंपा।

राज्यपाल को सौंपे गये ज्ञापन में कहा गया कि उनका संगठन राज्य के व्यापारियों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और सर्विस प्रोवाइडर्स के कल्याणार्थ कार्य कर रहा है। झारखंड में व्यापारियों और उनके समुदाय से जुड़ी अनेकों समस्याएं हैं, जिससे दिन प्रतिदिन व्यापारी जूझ रहे हैं।

जिनके लिए राज्य में कोई भी विशेष प्राधिकार का गठन अब तक नहीं किया गया है, इसलिए वे उक्त आलोक में झारखंड राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की मांग करते हैं। कहा गया कि वर्तमान में राजधानी रांची सहित धनबाद जिले और राज्य भर के जो व्यापारी लगातार विभिन्न आपराधिक हमले के शिकार हो रहे हैं, जिसके कई उदाहरण भी सामने आए हैं, जिसमें व्यापारियों की दिनदहाड़े हत्याएं कर दी गई है। उन्हें लगातार धमकी देकर रंगदारी मांगने की घटनाएं सामने आई हैं।

इस संबंध में अध्यक्ष निराला द्वारा राज्यपाल को बताया गया कि कई मामलों में तो देखा गया है कि उक्त व्यापारियों ने पुलिस को इसकी पूर्व सूचना भी लिखित रूप में दी गयी हैं, फिर भी घटनाएं घटित हो जा रही हैं। ऐसे मामलों में कठोरता से रोक लगवाते हुए इन्हें नियंत्रित करवाने की उन्होंने मांग की।

कहा कि व्यापारी समाज राज्य और देश के आर्थिक विकास की धुरी हैं। इनके बिना कोई भी प्रांत आर्थिक रूप से विकसित नहीं हो सकता है। ऐसे में अगर व्यापारी समुदाय को भय मुक्त वातावरण प्रदान नहीं किया जाएगा तो राज्य का आर्थिक विकास जितना होना चाहिए, उतना हो पाना संभव नहीं होगा।

पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला के साथ उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, महासचिव सत्येंद्र प्रसाद सिंह, लॉ एंड ऑर्डर कमेटी के को-चेयरमैन हरीश नागपाल और कार्यकारिणी सदस्य संगीता अग्रवाल शामिल थे।

 85 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *