हरिहरक्षेत्र मेला में जीविका दीदियों ने दिया शराबबंदी का संदेश

दहेज प्रथा की कुरीतियों का मंचन कर दर्शकों को किया जागरुक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित हरिहरक्षेत्र मेला के मुख्य मंच से 14 दिसंबर को जीविका दीदियों द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर शराबबंदी को बढ़ावा देने तथा दहेज प्रथा की कुरीतियों से समाज को सचेत रहने का संदेश दिया।

दिवाकालीन सत्र के दौरान आयोजित दिघवारा प्रखंड के जीविका दीदियों की शराबबंदी पर आधारित गीत की प्रस्तुति दिन पर दिन बिगड़त जाता रूपवा के दासा, नशा छोड़ब की ना ने मेला दर्शकों पर असरकारक साबित हुआ। इस गीत ने दर्शकों को शराब की नशा के प्रति सचेत करते हुए इसे सेहत के लिए हानिकारक और परिवार तथा समाज के लिए खतरनाक बताया। इस गीत को गुड़िया कुमारी, जुली कुमारी एवं किरण कुमारी जीविका दीदियों ने सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में इन्हीं तीनों जीविका दीदियों ने दहेज प्रथा पर आधारित गीत बलम ने आग लगाई, जलाकर दियासलाई गाकर दहेज बंदी का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने दहेज प्रथा पर आधारित नाटक का भी मंचन किया।

जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। इस नाटक में गुड़िया कुमारी, जुली कुमारी, किरण कुमारी, शोभा देवी एवं रेणु देवी ने अपने अभिनय से जीवंतता प्रदान की। नाटक में कलाकारों ने ससुराल में दहेज लेकर नहीं आने वाली दुल्हनों पर सास द्वारा किए जाने वाले अत्याचार को बड़े ही मार्मिक तरीके से दर्शाया।

कार्यक्रम में बरुआ पंचायत की जीविका दीदी स्मिता देवी ने जीविका से जुड़ने के बाद अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में दर्शकों को विस्तार से बताया। इस दौरान उन्होंने कई जीविका समूह के साथ स्वयं सहायता समूह के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम को देखने के लिए पंडाल में दर्शकों की भारी भीड़ देखी गई।

*लोक गायक मनोरंजन ओझा की गायकी ने दर्शकों का मन मोहा*
इससे पूर्व बीते 13 दिसंबर की शाम पर्यटन विभाग के मंच से बिहार के सुप्रसिद्ध लोकगीत गायक मनोरंजन ओझा ने लोकगीतों से मेला दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने अपनी पहली प्रस्तुति लोकप्रिय गीत सोन चिरैया ह देशवा हमार से की।

इसके बाद उन्होंने लोकगीत हई देख हो कहां ई दुनिया जाता की प्रस्तुति कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। उन्होंने दहेज प्रथा पर आधारित गीत पैंतीस से ऊपर होएल जाता एज पापा जी गाकर दर्शकों को जागरूकता का संदेश दिया। अंत में गायक ओझा ने जब फिल्म लिपिस्टिक बॉय का गीत मार दियो रेखा डंडी से नैना मिलाइके की प्रस्तुति की तो मुख्य पंडाल में कार्यक्रम देखने के लिए बैठे दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

गायक ओझा के साथ की-बोर्ड पर काली राज, पैड पर अनुज कुमार सिन्हा, बैंजो पर अशोक कुमार राम, ढोलक पर विकास कुमार, नगाड़ा पर विनोद पंडित एवं बुचुल भट्ट ने संगत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इनके साथ गायन में सहयोग कुंदन कुमार एवं शिखा गुप्ता ने किया। अंत में गायक मनोरंजन ओझा को सारण जिला प्रशासन की ओर से स्मृति चिन्ह एवं कप देकर सम्मानित किया गया।

 59 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *