चास स्थित वीणा रेजीडेंसी के समीप वृद्ध सेवा आश्रम का उद्घाटन 

वृद्ध सेवा आश्रम का किया उद्घाटन

जो भी दिक्कते आयेगी उसमें हर संभव सहयोग के लिए तैयार हैं-उपायुक्त
एस.पी.सक्सेना/बोकारो(Bokaro)। बोकारो उपायुक्त राजेश सिंह द्वारा 29 अक्टूबर को चास स्थित वीणा रेजीडेंसी के समीप वृद्ध सेवा आश्रम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, अपर नगर आयुक्त शशि प्रकाश झा, नगर निगम अभियन्ता तथा वाणिज्य कर वरीय अधिकारी के साथ-साथ बोकारो चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इन्डस्ट्रीज के कार्यकारिणी सक्रिय सदस्य व संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अंजनी कुमार रूपक मुख्य रूप से उपस्थित थे।
इस अवसर पर उपायुक्त राजेश सिंह ने वृद्ध आश्रम स्थापित किये जाने को काफी सकारात्मक कदम बताया और संस्था को इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। उपायुक्त ने कहा कि जो भी दिक्कते आयेगी उसमें हर तरह से सहयोग करने के लिए वे तैयार हैं। अब कोई भी असहाय वृद्ध व्यक्ति लाचार नही हो सकेगा।
अपर नगर आयुक्त ने कहा कि बाबा वैद्यनाथ जन सेवा समिति द्वारा वृद्ध सेवा आश्रम का कार्य प्रारंभ कर पुनित काम प्रारम्भ किया गया है। यह एक सराहनीय कदम है। उन्होंने संस्था से आग्रह किया कि समाज में ऐसे बुर्जुग लोगों को भी जोड़े जो अपने घर में रहकर अकेला मजसूस कर रहे हैं। उन्हें किसी प्रकार की देखभाल एवं सहायता करने वाला कोई नहीं है। ऐसे लोगों को समिति द्वारा सहायता प्रदान की जानी चाहिए।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अंजनी कुमार ने बताया कि इस वृद्ध सेवा आश्रम को सीमित साधनों के द्वारा शुरू किया जा रहा है। प्रथम कुछ महीनों तक संस्था द्वारा वृद्ध लोगों से सीमित रकम हर महीने ली जाएगी। जिससे इस वृद्ध सेवा आश्रम का खर्च निकल सकेगा। इस संस्था को चलाने के लिए कोई भी सहायता राशि सरकार द्वारा अभी तक नहीं ली गई है। समिति के सदस्य ही आपस में मिलजुलकर सारी व्यवस्था किए हैं जो बहुत कम है। इन्ही कम संसाधनों से इस आश्रम को सुचारू रूप से चलाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमलोग फुटपाथ में रह रहे वृद्ध जनों को सेवा देने में असमर्थ है। इसके लिए वर्तमान में पर्याप्त संसाधनों एवं राशि का अभाव है। भविष्य में हमारी योजना फुटपाथ में रह रहे वृद्धाओं को भी आश्रम में रखकर सेवा देने की है। संस्था के महासचिव पी एन लाल ने मांग की कि वृद्ध सेवा आश्रम सुचारू रूप से चलाने के लिए तथा वृद्ध लोगों की देखभाल के लिए सक्षम मेडिकल टीम की भी आवश्यकता पड़ेगी। इसके लिए उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि सरकारी अस्पताल के द्वारा समय-समय पर वृद्ध सेवा आश्रम में एक चिकित्सक दल आकर इन वृद्ध जनों की स्वास्थ्य की जांच करें।
मौके पर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इन्डस्ट्रीज के अध्यक्ष संजय वैद्य ने कहा कि संस्था ने बोकारो में एक अच्छे कार्य की शुरूआत की है। बोकारो में इसकी कमी महसूस हो रही थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि चेम्बर के द्वारा सदैव संस्था को सहायता मिलती रहेगी। चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इन्डस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि संस्था द्वारा एक अच्छी पहल हुई है। संस्था किसी एक की नहीं है। इसमें समाज के सभी लोगों, सभी वर्गो को सहयोग करने की आवश्यकता है। सभी हमारे समाज में ऐसे बुजुर्ग निश्चित रूप अपना शेष जीवन, सफल जीवन के रूप में परिवर्तित कर सकते हैं। इस अवसर पर उपस्थित आकाश अस्पताल के प्रबंधन निदेशक ने खुशी जाहिर करते हुए लिखित आश्वासन दिया कि हमारी आकाश अस्पताल की पूरी टीम संस्था को हर प्रकार से निःशुल्क सेवा देने के लिए तैयार है। आकाश अस्पताल प्रबंधन ने अपनी सहमति पत्र भी उपायुक्त को सौंपी।
मौके पर उपाध्यक्ष पं सत्यनारायण शर्मा, समाज सेवी ज्ञान चंद शर्मा, मुरारी लाल खेमका, कमल कुमार सांघ्वी, सुबोध कुमार गुप्ता, दिलीप कुमार सिंह, शशि शेखर, शैलेन्द्र कुमार जयसवाल, अनंत कुमार सिन्हा तथा शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
प्रहरी संवाददाता/

 312 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *