Advertisement

अजया शिव मंदिर में ध्वजारोहण के साथ तृतीय वार्षिकोत्सव की भव्य शुरुआत

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा गांव स्थित अजया शिव मंदिर परिसर में श्रीश्री दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर का तृतीय वार्षिक उत्सव, यज्ञ एवं राम कथा को लेकर 10 फरवरी को भव्य रूप से शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत ध्वजारोहण के साथ किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
ध्वजारोहण कार्यक्रम मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर पंडित अशोक पांडेय, पंडित गजेंद्र तिवारी एवं पंडित मधुसूदन झा ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर ध्वजा फहराई और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। ध्वजारोहण के साथ ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह तृतीय वार्षिक उत्सव आगामी 18 फरवरी से 20 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 18 फरवरी को कलश यात्रा, पंचांग पूजन, आचार्य पूजन, मंडप पूजन एवं संध्या आरती के साथ यज्ञ का शुभारंभ होगा। वहीं प्रतिदिन संध्या सात बजे से राम कथा प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। इस क्रम में 19 फरवरी को वेदी पूजन, वेदी प्रतिष्ठा, अग्नि स्थापना, हवन, आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। 20 फरवरी को पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

इस अवसर पर पंडित अशोक पांडेय ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति व परंपरा से जुड़ने का अवसर मिलता है। पंडित गजेंद्र तिवारी ने कहा कि रामभक्त हनुमानजी की कृपा से यह मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बन चुका है। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

पंडित मधुसूदन झा ने बताया कि यज्ञ एवं राम कथा से वातावरण शुद्ध होता है और समाज में धर्म, संस्कार व नैतिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार होता है। कार्यक्रम में मंदिर समिति के सदस्य, ग्रामीण जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। यज्ञ को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग देखने को मिल रहा है।

बगदा गांव स्थित अयोध्या शिव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिनमें अध्यक्ष अनिल कुमार, उपाध्यक्ष विक्रम कुमार, सचिव संजय कुमार, उप सचिव प्रेम कुमार, कोषाध्यक्ष कर्ण भूषण, उप कोषाध्यक्ष रंजीत रंजन शामिल हैं। वहीं मुख्य यजमान के रूप में मधुसूदन झा एवं शंभू लाल महतो तथा महावीर प्रजापति की उपस्थिति रहेगी। आयोजन को सफल बनाने हेतु निवेदक के रूप में यज्ञ समिति एवं पंचायत परिवार कसमार द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यज्ञ, राम कथा एवं भंडारा में शामिल होने की अपील की गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *