झारखंड को सशक्त व् विकसित बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध-सीएम

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बोकारो के चंद्रपुरा (तारानारी) में की सभा

सभा में सीएम ने 11186 लाभुकों के बीच 116 करोड़ 90 लाख 66 हज़ार की परिसंपत्तियों का किया वितरण

एस. पी. सक्सेना/एन. के. सिंह/बोकारो। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 7 अगस्त को बोकारो जिला के हद में चंद्रपुरा प्रखंड के तारानारी स्थित शनिचर मैदान में कई महत्वकांक्षी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घघाटन किया। आयोजित मुख्य समारोह स्थल से उन्होंने परिसंपत्तियों का वितरण किया। उक्त कार्यक्रम मे उत्पाद एवं मध निषेध मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त गोमियां के पूर्व विधायक, बेरमो विधायक समेत दर्जनों गणमान्य शामिल थे।

उल्लेखनीय हो कि, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा तारानारी (शनिचर बाजार) में आयोजित समारोह से 292 करोड़ 54 लाख 23 हजार रूपए का विभिन्न विभागों के 25 योजनाओं का शिलान्यास एवं 11,186 लाभुकों के बीच 116 करोड़ 90 लाख 66 हजार राशि की परिसंपत्ति का वितरण किया।

इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सोरेन ने कहा कि झारखंड बदल रहा है। बदलाव का यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा, जब तक झारखंड विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा नहीं हो जाता। मुख्यमंत्री सोरेन चंद्रपुरा प्रखंड हद में तारानारी में योजनाओं के उद्घाटन- शिलान्यास और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि झारखंड को एक सशक्त और मजबूत राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश तभी मजबूत बनेगा, जब राज्य मजबूत होगा। राज्य की मजबूती के लिए गांव का मजबूत होना बेहद जरूरी है। इसी बात को ध्यान में रखकर हमारी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है। किसानों और मजदूरों के हित को केंद्र में रखकर कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड वीरों और शहीदों की भूमि रही है। देश की आजादी की खातिर यहां के कई वीरों ने अपनी कुर्बानी दे दी। वहीं अलग झारखंड राज्य के संघर्ष में भी हजारों हजार झारखंडी वर्षों तक आंदोलन करते रहे। अब हमें अपने वीर-शहीदों और आंदोलनकारियों के सपनों का झारखंड बनाना है। इस दिशा में सरकार लगातार कदम बढ़ा रही है।

सीएम सोरेन ने कहा कि आने वाली पीढ़ी शिक्षित हो। युवा पीढ़ी अपने पैरों पर खड़ा हो सके। इसके लिए उन्हें विभिन्न योजनाओं के माध्यम से संबल देने का काम सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है, जो विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को शत- प्रतिशत स्कॉलरशिप दे रही है। उन्होंने कहा कि आप सिर्फ अपनी पढ़ाई पर ध्यान रखें। आपकी पढ़ाई से लेकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियों और मेडिकल, इंजीनियरिंग और लॉ जैसे कोर्सेज के लिए सरकार सारा खर्च देगी।

राज्य में बारिश और बुवाई पर पूरी नज़र-हेमंत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछले वर्ष भी सुखाड़ की स्थिति पैदा हुई। इस वर्ष भी अपेक्षा के अनुरूप बारिश अब तक नहीं हुई है। ऐसे में एक बार फिर सुखा की आशंका बन सकती है। ऐसे में राज्य में हो रही बारिश और फसलों की बुआई का सरकार द्वारा लगातार आकलन किया जा रहा है।

जल्द ही किसानों के हित में ठोस निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के मद्देनजर किसानों से कहा कि वे अपनी जमीन के कुछ हिस्से में फलदार पौधे जरुर लगाएं। सीएम ने कहा कि राज्य में कृषि उत्पादों में कमी के बाद भी सरकार अपने बल पर 15 लाख से ज्यादा हरा राशन कार्ड धारियों को खुले बाजार से अनाज खरीद कर उनके बीच वितरित कर रही है।

यूनिवर्सल पेंशन स्कीम के तहत सभी बुजुर्गो, दिव्यांगों और परित्यक्ताओं को पेंशन दे रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार सृजन योजना के तहत युवाओं को व्यवसाय के लिए आर्थिक मदद की जा रही है। हड़िया- दारू बेचने वाली महिलाओं को फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत सम्मानजनक आजीविका से जोड़ा जा रहा है।

सावित्रीबाई फूले किशोरी समृद्धि योजना के तहत लड़कियों को पढ़ाई के लिए सरकार राशि उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा भी कई ऐसी योजनाएं हैं जो समाज के विभिन्न वर्गों के विकास को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है।

बोकारो में खुलेगा मेडिकल कॉलेज, डुमरी विधानसभा क्षेत्र में नेतरहाट की तर्ज पर विद्यालय का होगा निर्माण

मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बोकारो में मेडिकल कॉलेज खुलेगा। यह कॉलेज दिवंगत जगरनाथ महतो के नाम पर होगा। उन्होंने कहा कि डुमरी विधानसभा क्षेत्र में डिग्री कॉलेज, आवासीय विद्यालय, आवासीय बालिका विद्यालय और आईटीआई कॉलेज के अलावा नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर विद्यालय का निर्माण कराया जाएगा।

इस अवसर पर सीएम ने 292 करोड़ 54 लाख 23 हज़ार रुपए की 62 योजनाओं की सौगात बोकारो जिले वासियों को दी। इसमें 18 करोड़ 14 लाख 33 हज़ार रुपए की 37 योजनाओं का उद्घाटन और 274 करोड़ 39 लाख 90 हज़ार रुपए की 25 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। वहीं 11186 लाभुकों के बीच 116 करोड़ 90 लाख 66 हज़ार रुपए की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, उत्पाद एवं मध निषेध मंत्री बेबी देवी, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री व् पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद महतो, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल अनुप सिंह), मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, कोयलांचल क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कन्हैया लाल मयूर पटेल, बोकारो जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी और पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद थे।

 153 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *