एक बार मौका दीजिए, झारखंड का परिदृश्य बदल देंगे-जयराम महतो

वर्तमान सांसद को बेरोजगारों की नहीं, अपने परिवार के रोजगार की चिंता-जयराम

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति (जेबीकेएसएस) के केन्द्रीय अध्यक्ष जयराम महतो ने 11 मार्च को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड क्षेत्र में जन आशीर्वाद यात्रा निकाला।

जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान महतो ने कसमार प्रखंड के हद में हिसीम, मुरहुलसुदी, सिंहपुर, खैराचातर, बगदा, टांगटोना, दुर्गापुर में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। यात्रा के दौरान उन्होंने सिंहपुर स्थित शिवालय (बुढाबाबा मडप थान) में मत्था टेक क्षेत्र के खुशहाली व् अमन चैन की मनोकामना की। खुदीबेडा़ हिसीम चौक में स्व. बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

इस अवसर पर जन आशीर्वाद यात्रा कों संबोधित करते हुए जेबीकेएसएस अध्यक्ष जयराम महतो ने कहा कि एक बार मौका दीजिए, निश्चित ही वे झारखंड का परिदृश्य बदल देंगे। उन्होंने स्थानीय नौजवानों को अपने हक के लिए लड़ने की बात कही। महतो ने वर्तमान गिरिडीह सांसद को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सांसद ने स्थानीय रहिवासियों के लिए कुछ नहीं किया।

उन्हें यहां के बेरोजगारों की चिंता नहीं है। उन्हें सिर्फ अपने परिवार को रोजगार कैसे मिले, उसकी चिंता है। कहा कि यहां राजनेता अपनी नाकामी को छुपाने के लिए धर्म की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि एक नज़र अपनी खेत खलिहानों में तो दूसरी नजर लाल किला पर रखे।

उन्होंने कहा कि झारखंडी को अपनी मानसिकता को बदलने की जरूरत है। बाहर से आकर कुछ लालची यहां की जमीन पर अधिकार जमाकर बैठे हैं। जमीन हमारी, खनिज हमारा, फिर भी कुछ दबंग यहां के ग्रामीणों को डराने का काम करते हैं। ऐसे तत्वों से अब डरने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि झारखंड निर्माण के बाद राज्य में जितनी भी सरकारें बनी, उन सभी सरकार में बैठे नेताओं ने झारखंड की खनिज संपदा को केवल लूटने और बेचने का काम किया। लेकिन जमीनी स्तर पर अगर देखा जाय तो राज्य गठन के 24 साल बाद भी यहां के मूलवासियों का न तो आर्थिक विकास हुआ और न सामाजिक उत्थान ही हुआ। आज भी राज्य में अशिक्षा, बेरोजगारी और पलायन बदस्तूर जारी है। कहा कि स्थानीय नीति नहीं बनने के कारण झारखंड राज्य की नौकरी पर बाहरियों का कब्जा है।

मौके पर जेबीकेएसएस गिरिडीह लोकसभा प्रभारी कमलेश महतो, गोमियां विधानसभा प्रभारी संतोष टिडूआर, पर्यवेक्षक सह प्रभारी अमरलाल महतो, प्रखंड अध्यक्ष प्रशांत कुमार, प्रखंड प्रभारी बबलू अंसारी, यादव कुमार महतो, ताराचंद महतो, राकेश महतो, उत्तम महतो, कुणाल महतो, प्रीतम महतो, राजू महतो, मनोहर महतो, पिंटू महतो, रवि महतो समेत सैकड़ों ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

 71 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *