सुरक्षा बलों व् नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर, दो हिरासत में

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच 17 जून की सुबह 4 बजे हुई मुठभेड़ में चार नक्सलियों को ढेर कर दिया गया। जबकि दो नक्सली को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान हुई है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ स्थल से नक्सलियों के शवों के साथ हथियार और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है।

बताया जाता है कि सारंडा के इलाके में सुरक्षा बल सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग करते हुए जवानों ने चार नक्सलियों को मार गिराया। फिलहाल इलाके में सर्च अभियान जारी है। कुछ और नक्सलियों के गोली लगने की भी सूचना है।

पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुबह नक्सलियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों में एक जोनल कमांडर, एक सब जोनल कमांडर, एक एरिया कमांडर, एक महिला और एक पुरूष नक्सली शामिल है।

उन्होंने बताया कि दो नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है, जिसमें एक एरिया कमांडर और एक हार्डकोर महिला नक्सली शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों में 10 लाख का इनामी जोनल कमांडर सिंगराय उर्फ मनोज, 5 लाख का इनामी सब् जोनल कमांडर कांडे होनाहागा उर्फ दृसुन उर्फ कांडे दा, 2 लाख का इनामी एरिया कमांडर सूर्या उर्फ मुंडा देवगम, महिला नक्सली जंगा पूर्ति उर्फ मेरला की मौत हो गयी है।

जबकि टाइगर उर्फ पांडु हांसदा एवं बातरी देवगम को गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि पुलिस नक्सली मुठभेड़ के दौरान न्यूज़ कवरेज करने गए पत्रकारों को घटना स्थल पर जाने से रोक दिया गया। आसपास के रहिवासियों ने बताया कि सुबह 4 बजे अचानक ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज सुनकर लिपुंगा गांव पूरी तरह से खाली हो गया।

ग्रामीणों ने अपनी जान बचाकर दूसरे गांव जाकर शरण ली। इस दौरान चल रही गोलियों की आवाज दोपहर 12 तक सुनाई देती रही। दूसरे गांव में शरण लिए ग्रामीणों ने बताया कि अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर गांव के सभी ग्रामीण भाग कर दूसरे गांव में शरण लिए हुए हैं।

 70 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *