झामुमो उलगुलान से पूर्व सांसद कृष्णा मार्डी ने की लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। झारखंड मुक्ति मोर्चा उलगुलान पार्टी सुप्रीमो सह पश्चिम सिंहभूम पूर्व सांसद कृष्णा मार्डी ने आगामी लोक सभा चुनाव पश्चिम सिंहभूम से लड़ने की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार झामुमो उलगुलान सुप्रीमो मार्डी आगामी 24 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। चुनाव लड़ने को लेकर 22 अप्रैल को उन्होंने कहा कि वे सत्र 1991 से 1996 तक पश्चिम सिंहभूम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए सांसद रह चुके हैं। वर्तमान में जन समस्याओं के निराकरण एवं पीड़ितों का हक दिलाने के लिए उन्होंने चुनाव लड़ने की मंशा बनाई है।

पूर्व सांसद मार्डी ने बताया कि क्षेत्र के किरीबुरु, मेघाहातुबुरु, गुवा, चाईबासा, चिड़िया एवं मनोहरपुर में हजारों बेरोजगार युवाओं की नियुक्ति दिलाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है। सेल क्षेत्र में लगभग 1500 कामगारों की स्थाई नियुक्ति कराई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो सरकार चल रही है उसके कारनामे चुनौती देने योग्य है।

विधानसभा एवं लोकसभा की कई अप्रिय कार्यकलापों ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए अग्रसर किया है। क्षेत्र में बालू गिट्टी का मामला हो, अस्तित्व बचाओं की लड़ाई झारखंड व केन्द्र सरकार पूरी तरीके से असफल रही है। उन्होंने कहा कि उलगुलान झामुमो पार्टी विस्थापन की समस्या से साथ-साथ पुनर्वास की समस्या को हल कर नियुक्ति दिलाई है।

उनके अनुसार मजदूरो की समस्याओं के निराकरण व हल करने को लेकर उनके पार्टी का गठन हुआ है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड की वर्तमान सरकार की स्थिति काफी दयनीय है। झारखण्ड बनने के 24 वर्षों बाद एक गैर आदिवासी को छोड़कर 10 आदिवासी मुख्यमंत्री बने, लेकिन सिर्फ कागजों पर हीं आदिवासियों का विकास हुआ। राज्य की तस्वीर नहीं बदली। धरातल पर कुछ नहीं हुआ।

मार्डी ने कहा कि झारखण्ड सरकार ने 1932 का खतियान लाकर 1964 के खतियान धारियों को हीं सारी सुविधाओं से वंचित कर झारखण्ड के आदिवासी व मूल निवासियों को बांटने व हक से वंचित करने का काम किया।

इससे नियोजन नीति समेत अन्य लाभ 1964 खतियान धारी को नहीं मिल पायेगा। इस कानून में बदलाव लाकर 1964 को भी शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में मानकी मुंडा व्यवस्था है। पेशा कानून को भी सरकार ने लागू नहीं कर पाया है। जिससे झारखण्ड के आदिवासियों व मूलवासियों को भारी नुकसान हो रहा है।

झामुमो गठबंधन की सरकार ने नियोजन को पुरी तरह बंद कर दिया है। झारखण्ड व पश्चिम सिंहभूम क्षेत्र की तमाम खदानों को बंद कर बेरोजगारों को सड़कों पर लाकर एक प्रकार से कटोरा पकडा़ दिया है। बालू घाट की नीलामी नहीं कर माफिया राज लाकर लूट मचाया है।

बालू व कोयला की लूट खुलेआम हो रही है। सेल, टाटा स्टील व अन्य खदानों में स्थानीय रहिवासियों के बजाय बाहरी को नौकरी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमलोग लडा़ई लड़कर झारखण्ड अलग राज्य लिये। शिबू सोरेन तो आंदोलन को हीं बेच दिये थे। आगे मार्डी ने कहा कि हमने 1992 में 542 युवाओं को सेल की किरीबुरु-मेघाहातुबुरु में, चिडि़या खदान में 700, गुवा में 200 का ऐतिहासिक नियुक्ति कराया।

उन्होंने तुगलकी फरमान देने का आरोप लगा राज्य की जनता को पुलिस प्रशासन द्वारा भयादोहन किए जाने की निंदा की है। उन्होंने समस्याओं के निराकरण हेतु चुनाव लड़कर राज्य एवं देश में सुधार के लिए अपने आप को समर्पित करने की घोषणा की है।

 98 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *