डीएवी तेनुघाट में वन महोत्सव का आयोजन

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल तेनुघाट में एक अगस्त को क्षेत्रीय निदेशक झारखंड जोन अरूण कुमार के दिशा निर्देश में वन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभात फेरी निकालकर वृक्षारोपण किया गया तथा वृक्षों को रक्षा सूत्र बांधा गया।

इस अवसर पर डीएवी तेनुघाट द्वारा आयोजित कार्यक्रम के आरंभ में छात्रों द्वारा प्रभातफेरी निकाली गई। छात्रों ने रहिवासियों को वन संरक्षण का संदेश दिया। वृक्ष ही जीवन है के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार उपस्थित रहें। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएवी स्वांग के प्राचार्य डॉ एस के शर्मा, डीएवी कथारा क्स प्राचार्य विपिन राय एवं डीएवी ललपनिया के प्राचार्य उषा राय शामिल थी।

कार्यक्रम के अवसर पर डीएवी तेनुघाट की प्राचार्या स्तुति सिन्हा द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। डीएवी परंपरा के तहत सभी अतिथियों को तिलक लगाकर वंदन किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा वृक्षारोपण कर कार्यक्रम को शुरु किया गया। वहीं वृक्ष में राखी बांधकर सभी उपस्थित गणमान्य जनों ने वृक्ष बचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में एसडीओ कुमार ने कहा कि वन महोत्सव का मुख्य उद्देश्य वृक्ष लगाकर धरती को हरी-भरी रखना है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन के संरक्षण में बच्चों की भूमिका अहम हो, इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए वन लगाना आवश्यक है। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों द्वारा वृहत स्तर पर वृक्षारोपण किया गया।

प्राचार्या ने कहा कि वृक्षारोपण बड़ी बात नहीं है, बल्कि उस लगे हुए वृक्ष को बचाना बड़ी बात है। उन्होंने छात्रों को अपने -अपने वृक्ष की देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि प्रकृति मानव जीवन के लिए आवश्यक है। जागरूकता के अभाव में सबसे अधिक दोहन प्रकृति की होती है। इस क्षेत्र में जन जागृति पर बल देना हितकर है।

मुख्य अतिथि ने बच्चों को पेड़ बचाने की मुहिम में भागीदारी निभाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि संसार में सबसे ज्यादा कुठाराघात जंगलों पर हो रहा है। मनुष्य के लिए जंगल जरूरी है। अगर इस क्षेत्र में गिरावट आई तो मानव समुदाय खतरे में पड़ जाएगा। विद्यालय द्वारा सामाजिक मुद्दों को उठाना एवं उसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित करना प्रशंसनीय है।

इस अवसर पर विद्यालय के योगेन्द्र प्रताप, हलधर महतो, भास्कर कुमार, मुकुल कुमार, सुरेन्द्र तिवारी, सुधीर कुमार, असगर अली, सपन डे, राजीव कुमार, लक्ष्मी गुप्ता, वंदनी महतो आदि शिक्षक -शिक्षिकाओं ने वृक्षारोपण कर कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपनी भूमिका निभाई।

 122 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *