Advertisement

भुताही टोला में आयोजित मत्स्य कृषक गोष्ठी में प्रशिक्षण व मत्स्य सह बत्तख पालन पर जोर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। जिला मत्स्य पदाधिकारी बोकारो के निर्देशानुसार जिला के हद में कसमार प्रखंड के मंजुरा पंचायत मत्स्य जीवी सहयोग समिति लिमिटेड कसमार द्वारा 12 फरवरी को भुताही टोला में मत्स्य कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया।

आयोजित गोष्ठी का उद्देश्य मत्स्य पालकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना एवं उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना था। गोष्ठी की अध्यक्षता समिति के सचिव नागेश्वर महतो ने की। उन्होंने उपस्थित मत्स्य कृषकों को प्रशिक्षण कार्यक्रम, आधुनिक मत्स्य पालन तकनीक, तालाब सुधार योजना तथा मत्स्य सह बत्तख पालन जैसी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए अनुदान, तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका लाभ उठाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। महतो ने बताया कि मत्स्य सह बत्तख पालन एक लाभकारी मॉडल है, जिससे कम लागत में अधिक मुनाफा प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कृषकों से अपील की कि वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए समिति से संपर्क करें और समय-समय पर आयोजित प्रशिक्षण में भाग लें।

इस अवसर पर मधुकरपुर पंचायत मत्स्य जीवी सहयोग समिति लिमिटेड के सचिव समरेश कुमार कपरदार ने कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। यदि किसान संगठित होकर वैज्ञानिक तरीके से कार्य करें तो निश्चित रूप से उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

वन बचाव समिति के केंद्रीय उपाध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ मत्स्य पालन को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग से ही ग्रामीण क्षेत्रों का सतत विकास संभव है। उन्होंने मत्स्य पालकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहते हुए योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

गोष्ठी के अंत में उपस्थित किसानों ने योजनाओं के प्रति उत्साह व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। गोष्ठी में भोलानाथ महतो, बंसी महतो, सुरेश महतो, मनोज नायक, मालती देवी, सुनीता देवी, फातिमा बीबी सहित बड़ी संख्या में मत्स्य कृषक उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *