डेंगू एवं चिकनगुनिया नियंत्रण हेतु टीम द्वारा डोर टू डोर सर्वे

सप्ताह में एक दिन सुखा दिवस के रूप में मनाएं-जिला वीवीडी पदाधिकारी
एस.पी.सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले (Bokaro district) के शहरी क्षेत्रों बोकारो स्टील सिटी, चास नगर निगम, नगर पालिका फुसरो सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू एवं चिकनगुनिया नियंत्रण हेतु डोर टू डोर सर्विलांस का कार्य किया जा रहा है। उक्त डोर टू डोर सर्वे का कार्य बीते 15 जून से आगामी 15 नवंबर तक अभियान के तहत चलेगा।

जिसकी मॉनिटरिंग वीवीडी पदाधिकारी डॉ एन.पी. सिंह एवं जिला वीवीडी सलाहकार आशीष कुमार के द्वारा किया जा रहा है। इसके तहत डेंगू सर्विलांस टीम के वालंटियर के द्वारा घर-घर जाकर घर के अंदर मच्छर प्रजनन स्थलों की पहचान कर उसे नष्ट करते हुए जानकारी इकट्ठा करना है। जिसमें किसी व्यक्ति को बुखार कितने दिन से है, तीव्र सिर दर्द, जोड़ों एवं मांसपेशियों में दर्द, छाती और दोनों हाथों में चकत्ते एवं दाने हो जाना से सम्बंधित जानकारी इकट्ठा कर उन्हें जिला ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति बोकारो को देना है। साथ ही डेंगू एवं चिकनगुनिया से बचाव हेतु सभी लोगों को जागरुक भी करना है।

इस बावत जानकारी देते हुए वीवीडी पदाधिकारी डॉ एन.पी. सिंह ने कहा कि डेंगू एवं चिकनगुनिया से बचाव के लिए लगातार प्रचार प्रसार किया जा रहा है l डॉ सिंह ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि एक दिन सुखा दिवस के रूप में मनाये एवं मच्छर प्रजनन वाले स्थल की पहचान कर उसे नष्ट कर दे। उन्होंने कहा कि हम लोग डेंगू एवं चिकनगुनिया से बच सकते हैं। याद रखें बचाओ इलाज से हमेशा बेहतर होता है। साथ ही कहा कि किसी भी बुखार को हल्के में ना लें। यह बुखार डेंगू हो सकता है। इसके लिए तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सप्ताह में एक दिन सुखा दिवस के रूप में मनाएं।
डेंगू एवं चिकनगुनिया से बचाव :-

डेंगू एवं चिकनगुनिया फैलाने वाला मच्छर दिन के समय काटता है। अतः पूरे शरीर को ढकने वाला कपड़ा पहनना चाहिए। पानी रखने के सभी बर्तनों, टंकियों को ठीक से ढक्कन लगा कर रखना चाहिए। घर के आसपास सभी पुराने टायरों, बर्तन के टुकड़ों आदि को नहीं रहने देना चाहिए, ताकि इसमें जल जमाव ना हो। घर के चारों तरफ स्थित जलजमाव वाले क्षेत्रों को भर देना चाहिए। वैसे सभी जलजमाव वाले क्षेत्र जिन्हे साफ नहीं किया जा सकता है, वहां लावा नाशक, डीजल या मोबिल तथा मिट्टी तेल सप्ताह में एक बार अवश्य डालनी चाहिए। सप्ताह में कम से कम 1 दिन कूलर, फूलदान, फ्रिज ट्रे सहित पानी रखने के बर्तन से पानी बहा कर सुखा देना चाहिए।

 187 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *