Advertisement

निर्माणाधीन बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह बुद्ध स्मृति स्तूप का डीएम ने किया निरीक्षण

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली की जिलाधिकारी (डीएम) वर्षा सिंह ने 6 जून को जिला के हद में वैशालीगढ़ स्थित अभिषेक पुष्करणी सरोवर के निकट निर्माणाधीन बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह बुद्ध स्मृति स्तूप का निरीक्षण किया। डीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को निर्माण तथा फिनिशिंग कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्तूप के आधार तल से लेकर प्रथम तल तक के कार्यों का जायजा लिया। साथ ही, मेडिटेशन सेंटर, लाइब्रेरी, विजिटर हॉल और गेस्ट हाउस का भी निरीक्षण किया।उन्होंने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की जांच के लिए सिक्योरिटी ऑडिट कराने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि वैशाली में 72 एकड़ क्षेत्रफल में भगवान बुद्ध के अवशेषों को सुरक्षित रखने और आम जनों के दर्शन हेतु भव्य स्मृति स्तूप का निर्माण किया जा रहा है। यह परियोजना अपने अंतिम चरण में है। बुद्ध स्मृति स्तूप की स्थापत्य शैली इसे विशिष्ट पहचान प्रदान करेगी।

यह पूरी संरचना राजस्थान से लाए गए गुलाबी पत्थरों से निर्मित की जा रही है। उल्लेखनीय है कि दो पत्थरों को जोड़ने में किसी भी चिपकाने वाले पदार्थ का प्रयोग नहीं किया गया है। स्तूप की कुल ऊंचाई 35 मीटर है। यह स्तूप न केवल स्थापत्य की दृष्टि से अद्वितीय होगा, बल्कि आने वाले पर्यटकों को भगवान बुद्ध के जीवन दर्शन, कलाकृतियों और स्मृतियों का सजीव अनुभव भी प्रदान करेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *