डीएम ने फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी निर्माण में और अधिक तेजी लाने का दिया निर्देश
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने 12 फरवरी को जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के कल्याणपुर तथा शिकारपुर पंचायत सहित विभिन्न पंचायतों में किसानों के लिए फॉर्मर रजिस्ट्री निर्माण के लिए आयोजित शिविर में चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने उप समाहर्ता, भूमि सुधार सोनपुर तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी सोनपुर सहित शिविर में प्रतिनियुक्त सभी संबंधित सर्वे टीम एवं कृषि विभाग के कर्मियों को जमाबंदी रैयतों की अद्यतन सूची के सहयोग से फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी निर्माण में और अधिक तेजी लाने का निर्देश दिया।
मौके पर उपस्थित वार्ड सदस्यों तथा मुखिया के सहयोग से अधिक से अधिक किसानों से संपर्क स्थापित करने को कहा गया। डीएम ने अंचलाधिकारी को संबंधित किसानों से कागजात लेकर दाखिल खारिज कराते हुए जमाबंदी कायम करने की भी कार्रवाई करने को कहा, ताकि फॉर्मर रजिस्ट्री में वृद्धि लाई जा सके।
डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सोनपुर अनुमंडल के बाकरपुर – मानिकपुर भारत माला परियोजना के कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान भवन प्रमंडल को इस परियोजना के मार्ग रेखन (एलाइनमेंट) में आ रहे 30 संरचनाओं का मूल्यांकन करने के लिए बीते वर्ष जुलाई में दिए गए निर्देश के बावजूद अभी तक उनके द्वारा मूल्यांकन प्रतिवेदन नहीं देने के कारण स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। उन्होंने भवन प्रमंडल को एक सप्ताह में अचूक रूप से मूल्यांकन प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा।
उन्होंने गोविन्दचक मौजा में शेष 204 हितबद्ध रैयतों के भू-अर्जन से संबंधित मुआवजे के भुगतान को लेकर 13 फरवरी से लगातार कैंप कर प्लॉटवार मापी कराते हुए ऑफलाइन एलपीसी निर्गत करने को कहा। साथ ही एनएचएआई के अमीन, भू-अर्जन के अमीन तथा अंचल के अमीन को एक साथ डोर टू डोर घूमकर रैयतों को नोटिस का तामिला कराने और कागजात व अभिश्रव प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। पूरी प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर यथाशीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया। एनएचएआई को गोविन्दचक में अविलंब निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने जिला के हद में दरियापुर अंचल के भी शेष रैयतों के भुगतान के लिए अंचलाधिकारी को मापी कराते हुए नोटिस का तामिला कराने, अभिश्रव प्राप्त करने तथा तेजी से भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा। दीघा सेतु पुल संपर्क पथ के तीन पिलर के पास संरचना को तोड़कर उक्त परियोजना का संपर्क कराया जाना है, जिसके लिए संपर्क पथ पर यातायात को डायवर्शन कराना आवश्यक है। इसके लिए सोनपुर अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को उन्होंने ट्रैफिक प्लान बनाकर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि दीघा पुल पर लगभग एक किमी डायवर्शन प्लान के अनुसार सुदृढ़ यातायात व्यवस्था संचालित कराया जा सके।
![]()













Leave a Reply