सारण जिला में 313 पंचायत सरकार भवन का होगा निर्माण, 88 भवन का कार्य पूर्ण
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने 11 फरवरी को जिला मुख्यालय छपरा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा की।
जानकारी के अनुसार समीक्षा के क्रम में बताया गया कि सारण जिला में कुल 313 पंचायत सरकार भवन का निर्माण किया जाना है। इसमें से 88 पंचायत सरकार भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिसमें से 67 पंचायत सरकार भवन क्रियाशील हो चुके हैं। शेष 175 पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में जारी है। 33 पंचायत सरकार भवन के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर मुख्य अभियंता एलएईओ को तकनीकी स्वीकृति के लिए भेजा गया है। 17 पंचायतों में स्थानीय जमीन संबंधी समस्या को लेकर निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।
समीक्षा क्रम में जिलाधिकारी ने एक एक कर इन सभी 17 पंचायतों में जमीन से संबंधित समस्या के बारे में जानकारी ली। सभी पंचायतों में जमीन संबंधित स्थानीय समस्या का निराकरण कर उपयुक्त स्थल का प्रस्ताव अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश सभी संबंधित 9 अंचलों के अंचलाधिकारियों को दिया गया। जिला पंचायत राज पदाधिकारी को भी इन सभी 17 पंचायतों में स्थल भ्रमण कर उपलब्ध कराए गए जमीन की उपयुक्तता को देखते हुये त्वरित निर्णय लेकर कार्य आरंभ कराने का निर्देश दिया गया। सभी संबंधित प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को इन सभी पंचायतों में स्थल से संबंधित समस्या का निराकरण सुनिश्चित कराकर अविलंब कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया।

पंचायत सरकार भवन का निर्माण भवन निर्माण विभाग, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन एवं ग्राम पंचायत द्वारा प्राधिकृत एजेंसी के रूप में कराया जा रहा है। सभी संबंधित निर्माण एजेंसी को कार्यपूर्ण हो चुके पंचायत सरकार भवन को अविलंब पंचायती राज विभाग को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया, ताकि इन सभी पंचायत सरकार भवन को क्रियाशील किया जा सके। निर्माणाधीन सभी पंचायत सरकार भवन का कार्य निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश सभी कार्यकारी एजेंसी को दिया गया। सभी बीपीआरओ को जारी निर्माण कार्य की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुये निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया गया।
कन्या विवाह मंडप के निर्माण के लिये 54 पंचायतों का चयन
मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत कन्या विवाह मंडप के निर्माण के लिये 54 पंचायतों का चयन हुआ है, जहाँ भूमि भी चिन्हित है। इसका प्राक्कलन तैयार कर अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया गया। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद, सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित थे तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित अंचलाधिकारी जुड़े थे।
![]()













Leave a Reply