प्रभारी एसपी व् डीडीसी ने एसडीओ, बीडीओ व् थाना प्रभारियों के साथ की बैठक
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। हिन्दू आस्था का प्रतीक दुर्गा पूजा को लेकर 7 अक्टूबर को बोकारो जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से की।
शांति समिति की बैठक में डीआरडीए निदेशक, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी चास, मुख्यालय डीएसपी, सीटी डीएसपी, एसडीपीओ चास, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो, सिविल सर्जन, जिला नजारत उप समाहर्ता, डीसीएलआर आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में धूमधाम से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल सकती है। इसलिए अलर्ट मोड में रहते हुए छोटी-बड़ी सभी बातों पर ध्यान रखना होगा।
उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्र के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में स्थित पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुनिश्चित करें कि सभी जगह अग्निशमन की व्यवस्था हो, अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार हो, पंडाल व आसपास सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापित और पंडाल में ही मीनी कंट्रोल रूम स्थापित हो।
कहा कि पूजा पंडाल के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था के लिए समिति अपना वोलेंटियर लगाएं। उन्होंने कहा कि प्रतिमा विसर्जन का रूट पारंपरिक ही रहेगा। रूट में कोई बदलाव नहीं होगा। वहीं, निर्धारित नदी या तालाब में ही प्रतिमा का विसर्जन करना होगा। तालाब नदी में प्रकाश की व्यवस्था नगर निगम, नगर परिषद एवं स्थानीय बीडीओ-सीओ को करना सुनिश्चित करने को कहा।

प्रभारी एसपी ने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर किसी भी पंडाल में तथा विसर्जन के समय डीजे बजाने एवं भड़काऊ गाना बजाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। इसका उल्लंघन होने पर डीजे जब्त कर लिया जाएगा। साथ ही संबंधित पूजा समिति का लाइसेंस भी रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बीडीओ, सीओ तथा थाना प्रभारियों को डीजे संचालकों के साथ एक बैठक कर इस संबंध में उन्हें नोटिस उपलब्ध कराने को कहा। सभी पूजा समितियों से सीसीटीवी कैमरा लगाने तथा वॉलिंटियर्स को अलग पहचान देकर उनकी लिस्ट संबंधित थाना प्रभारी को प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पूजा समितियों को महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश व् निकास द्वार रखने का भी निर्देश दिया।
कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक खबरे फैलाने वालो पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इसके लिए अलग सेल का भी गठन किया गया है। अवैध शराब बेचने वाले या माहौल को खराब करने वालों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने थाना प्रभारी, बीडीओ तथा सीओ को आपस में समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गापूजा दशहरा (रावण दहन) संपन्न कराने को लेकर निर्देश दिया। आवश्यकता अनुरूप मिनी कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पूर्व की घटनाओं से सीख लेते हुए अधिक से अधिक सावधानी एवं चौकसी बरतें और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने अतिसंवेदनशील, संवेदनशील क्षेत्रों पर ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी कराने को कहा। महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया।
इससे पूर्व, डीपीएलआर एवं अनुमंडल पदाधिकारी चास ने क्रमवार पूजा समितियों को सुनिश्चित करने वाली बातों से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थाना प्रभारियों को निर्देश दिया। रूट का सत्यापन करते हुए प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया। मौके पर सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply