उपायुक्त ने पुस्तक “एक और अयोध्या…अयोध्या पहाड़” का किया विमोचन

इस तरह की पुस्तकें लोगों को पर्यटन की ओर आकर्षित करेगी-उपायुक्त
अयोध्या पहाड़ एक दशक में पर्यटन का बड़ा केंद्र बनकर उभरा है-दीपक
एस.पी.सक्सेना/बोकारो। बोकारो के पत्रकार व लेखक दीपक (Writer Deepak) सवाल की नई पुस्तक *एक और अयोध्या…अयोध्या पहाड़* का विमोचन 8 जनवरी को बोकारो उपायुक्त राजेश सिंह (Deputy commissioner Rajesh singh) ने समाहरणालय के सभाकक्ष में किया। इस अवसर पर उपायुक्त सिंह ने लेखक व पत्रकार को शुभकामना देते हुए कहा कि यह एक अच्छा प्रयास है। इस तरह की पुस्तकें प्रकाशित होने से लोगों को पर्यटन की ओर अधिक से अधिक आकर्षित करेगी। साथ ही बिलुप्त होती संस्कृति को बचाने और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
पुस्तक के लेखक दीपक सवाल ने कहा कि यह पुस्तक झारखंड व बंगाल की सीमा पर स्थित पुरुलिया जिला के अयोध्या पहाड़ पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि अयोध्या पहाड़ हाल के एक दशक में पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। विशाल भू-भाग में फैला यह पहाड़ अपने आंचल में प्राकृतिक, धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत की अनेक विशेषताओं को समेट रखा है। यहां की खासियत यह है कि पर्यटकों को यहां हर दो कदम की दूरी पर कुछ नया, कुछ रोचक और कुछ अद्भुत देखने को मिलता है। इसकी एक और विशेषता यह है कि इस पहाड़ पर लगभग 92 छोटे-बड़े गांव बसे हैं। सभी गांव पूर्णतः आदिवासी बहुल है। यह स्थल जनजातियों की मूल संस्कृति का अद्भुत और बेजोड़ नमूना है। इन सभी गांवों की जीवन शैली, समाज संरचना, सांस्कृतिक मूल्य या यूं कह लें कि पूरी संस्कृति आदिवासियत का जीवंत उदाहरण है।
दीपक सवाल ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा के दिन मनाया जाने वाला शिकार उत्सव यहां का मूल उत्सव है। हर वर्ष करीब ढाई-तीन लाख लोग इसमें शामिल होते है। उन्होंने बताया कि इस लघु पर्वतम माला की विशेषता यह है कि यहां कुछ दिन का समय व्यतीत करने के लिए सारा कुछ मौजूद है। डैम, पहाड़, झरना, घाटियां, मंदिर समेत वह सब-कुछ, जो एक प्रकृति प्रेमी अथवा पर्यटक को चाहिए। उन्होंने बताया कि पहाड़ पर सात डैम बने हुए हैं। इसमें पन बिजली घर भी स्थापित है। यही कारण है कि यह पर्यटन का विशेष केंद्र बन चुका है। साथ ही बताया कि अयोध्या पहाड़ पर कोई पुस्तक नहीं होने के कारण पर्यटकों की परेशानी को देखते हुए यह पुस्तक तैयार की गई है।
पुस्तक विमोचन के अवसर पर उपायुक्त सिंह के अलावा उप विकास आयुक्त जयकिशोर प्रसाद, अपर नगर आयुक्त शशिप्रकाश झा सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारीगण व् अन्य उपस्थित थे।

 208 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *