रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार अंचल के मधुकरपुर के दर्जनों ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह को आवेदन देकर अपने गांव के मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए उसे चौड़ीकरण करवाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने गांव में संचालित प्राथमिक विद्यालय, उच्च विद्यालय, बैंक, लग रहे दो साप्ताहिक बाजारों तथा आस पास के दर्जनों गांवों का इस गांव से जुड़ाव एवं भारत माला सड़क निर्माण इत्यादि का हवाला देते हुए कहा है कि इनके संचालन एवं गतिविधियों से पैदल, साइकिल, मोटरसाइकिल एवं विभिन्न छोटे बड़े वाहनों के आवागमन से मधुकरपुर का मुख्य मार्ग के अलावे टोलों के मार्ग काफी व्यस्त रहते हैं। मार्गों पर स्थानीय रहिवासियों द्वारा अतिक्रमण कर मकान बनाए जाने या कब्जा किए जाने के कारण संकीर्णता के कारण सड़क जाम की स्थिति पैदा हो गई है। आवेदकों ने बताया है कि उनका आवागमन मुश्किलों भरा हो गया है।
इस मद्देनजर ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से निवेदन किया है कि गांव की मुख्य सड़क के अलावे विभिन्न टोलों के मार्ग को भी नापी करवाकर अतिक्रमण मुक्त करवाते हुए सड़क का चौड़ीकरण किया जाय। ग्रामीणों ने आवेदन की प्रतिलिपि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गिरिडीह सांसद, गोमिया विधायक के अलावे बोकारो जिला उपायुक्त एवं अनुमंडलाधिकारी बेरमो को भी दी है।
आवेदन देने वालों में जिप सदस्य अमरदीप महाराज, मुखिया राजेंद्र महतो, पंसस इंद्रजीत कुमार पांडेय, उप मुखिया ऊषा देवी, वार्ड सदस्य मीरा देवी, राहुल स्वर्णकार, रोहित रेड्डी, गौतम स्वर्णकार, बेबी देवी इत्यादि पंचायत प्रतिनिधियों के अलावे राधु महतो, संजय स्वर्णकार, साधुचरण महतो, संजय प्रजापति, महेश प्रसाद स्वर्णकार, भूषण नायक, राजेंद्र तिवारी, सुफल रविदास, जानकी मुंडा, बैजनाथ महतो, नारायण रजक, हेमंत स्वर्णकार सहित दर्जनों शामिल हैं।
![]()













Leave a Reply