Advertisement

नशा मुक्ति का सशक्त संदेश के साथ सीसीएल की पहल नवचेतना अभियान सम्पन्न

नवचेतना नशा मुक्ति अभियान के विजेताओं को दिए गए ₹5 हजार नकद व उपहार

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची से प्रकाशित एक दैनिक अखबार तथा देश की महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी इकाई सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की संयुक्त पहल से नवचेतना नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने तथा जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बीते 11 मार्च से संचालित नवचेतना नशा मुक्ति अभियान 29 अप्रैल को सीसीएल मुख्यालय रांची के संगम सभागार के गंगोत्री कॉन्वेंशन सेंटर में इस अभियान को लगातार चलाने के संकल्प के साथ संपन्न हो गया।

इस अवसर पर सीसीएल के सीसी एंड पीआर विभाग के विभागाध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता, अखबार समूह के कार्यकारी निदेशक आर. के. दत्ता, उपाध्यक्ष विजय बहादूर सहित सीसीएल एवं अखबार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जानकारी के अनुसार समापन कार्यक्रम की शुरुआत कोल इंडिया लिमिटेड के कॉरपोरेट गीत से की गयी। गौरतलब है कि इस अभियान के अंतर्गत लगातार झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालय (यूनिवर्सिटी), महाविधालय (कॉलेज) तथा संस्थानों में संयुक्त टीम द्वारा नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाना, रांची के विभिन्न जगहों तथा शिक्षण संस्थानों में नवचेतना रथ के जरिए जागरूकता फैलाना, सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाने के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इस क्रम में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता के 20 प्रतिभागियों को 29 अप्रैल को आयोजित समारोह सम्मानित किया गया। जिसमें शीर्ष 10 प्रतिभागियों को ₹5,000 नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि अन्य 10 प्रतिभागियों को उपहार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुक्ति नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, उसके पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणाम तथा इससे बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए अखबार के कार्यकारी निदेशक दत्ता ने सीसीएल के इस प्रयास की सराहना की तथा कहा कि इस पहल ने समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी सीसीएल उनके साथ ऐसे ही जनहित से जुड़े विषयों पर मिलकर कार्य करते रहेंगे और समाज को जागरूक करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे।

उक्त अवसर पर सीसीएल सीसी एंड पीआर विभाग के विभागाध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि परिवार किसी भी व्यक्ति के जीवन की आधारशिला है। यदि कोई नशे की लत से जूझ रहा हो, तो ऐसे समय में परिवार का साथ, समझ और सहयोग सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशा इंसान के स्वास्थ्य, सामाजिक जीवन और आर्थिक स्थिति पर दुष्प्रभाव डालता है, लेकिन परिवार के समर्थन और जागरूकता से इससे बाहर निकलना संभव है, जिससे व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज का भी भला होता है।

उन्होंने कहा कि सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में कंपनी कोयला खनन के साथ-साथ सीएसआर, पर्यावरण कल्याण, खेल एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से श्रमिकों, ग्रामीणों एवं हितधारकों के समग्र विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है। साथ ही, समाज के उत्थान के लिए किए जाने वाले हर सकारात्मक प्रयास में सहभागिता हेतु पूर्णतः कृत संकल्पित है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *