विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। झारखंड में हो रहे विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने को लेकर भाजपा एक से बढ़कर एक हथकंडा अपना रही है। भाजपा बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम पर राज्य में कर रही है सांप्रदायिकता एवं विभाजन का खेल। उक्त बातें माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड रामचंद्र ठाकुर ने 9 नवंबर को कही।
बोकारो जिला के हद में गोमियां प्रखंड के स्वांग स्थित पार्टी कार्यालय में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी द्वारा 9 नवंबर को प्रेस वार्ता आयोजित की गई थी। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य कॉ रामचंद्र ठाकुर ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा बहुमत का आंकड़ा नहीं प्राप्त करने के बाद हारे हुए जुआरी की तरह आक्रामक हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा तेजी से सार्वजनिक संपदा और सरकारी खजाना अडानी-अंबानी समेत अन्य पूंजीपतियों को सौंप रही है। साथ-साथ देश के मजदूरों व् किसानों के अधिकारों पर हमला कर रही है।
कॉ ठाकुर ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए भाजपा नेता आक्रामक तरीके से आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम पर सांप्रदायिक और विभाजनकारी उन्माद फैला रहे हैं, ताकि जीत हासिल किया जा सके एवं झारखंड के मूल्यवान खनिज वन संपदा और सार्वजनिक क्षेत्र बड़े पूंजीपतियों के हवाले किया जा सके। इसलिए हमारी पार्टी की झारखंड राज्य कमेटी ने भाजपा-आजसू गठबंधन को पराजित करने का निर्णय लिया है।
इसी के आलोक में माकपा की बोकारो जिला कमेटी ने यह तय किया है की गोमियां विधानसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा के योगेंद्र प्रसाद महतो, डुमरी विधानसभा में बेबी देवी, चंदनक्यारी विधानसभा में उमाकांत रजक, बोकारो विधानसभा में कांग्रेस के श्वेता सिंह एवं बेरमो विधानसभा में आजाद समाज पार्टी के मंजूर आलम को अपना समर्थन देगी।
बेरमो विधानसभा के संबंध में कांग्रेस प्रत्याशी के बजाय खास तौर पर आजाद समाज पार्टी प्रत्याशी के समर्थन के सवाल पर माकपा बोकारो जिला सचिव कॉ भागीरथ शर्मा ने कहा कि राजनीतिक माफिया तत्व राजनीति में हावी होना चाह रहे हैं, इसीलिए पार्टी ने शोषित पीड़ित जनता के उम्मीदवार मंजूर आलम को अपना समर्थन देने का निर्णय लिया है। मौके पर जिला सचिव मंडल के सदस्य प्रदीप कुमार विश्वास, श्याम सुंदर महतो, जिला कमेटी सदस्य राकेश कुमार, प्रखंड सचिव विनय स्वर्णकर, विनय महतो, लखन महतो सहित दर्जनों गणमान्य मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply