बिहार में बदलाव के दिख रहे बड़े संकेत-राजीव प्रताप रूडी

चौदह करोड़ क्क आबादी पर बिहार में एक भी अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डा नहीं

अवध किशोर शर्मा/सोनपुर (सारण)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बीते 3 जनवरी की संध्या सोनपुर दौरे के क्रम में कहा कि बिहार से प्रतिदिन लाखों लोग आवागमन करते हैं। यहां हवाई सेवाएं बाधित हो रही हैं, ऐसा कहीं नही है।

रुडी ने कहा कि बिहार की आबादी 14 करोड़ है, पर यहां एक भी अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डा नही है। जबकि गोवा की आबादी मात्र 14 लाख है। वहां दो-दो अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डा है।

पूर्व मंत्री रूडी यहां हरिहरनाथ मंदिर परिसर में अपने सांसद फंड से निर्मित लिफ्ट से धर्मशाला के ऊपरी छत तक का निरीक्षण करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर बाबा हरिहरनाथ न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला, कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार ने उनका स्वागत किया। रुडी ने बाबा हरिहरनाथ का दर्शन-पूजन भी किया। मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री मौजूद थे।

रूडी ने पत्रकारों के पूछने पर कहा कि दुर्भाग्य है कि बिहार का हवाई पट्टी निर्माण का एक प्रस्ताव सोनपुर की धरती पर भी तैयार है। उन्होंने कहा कि बिहार में अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डा के लिए उन्होंने लोकसभा में भी सवाल उठाया। बिहार का यह पक्ष हाई कोर्ट में भी रखा।

एक वकील होने के नाते इस पर 1 घंटा 55 मिनट बहस भी किया। उन्होंने कहा कि बिहार के अहित में बहुत कुछ हो रहा है जिसमें एक है इंफ्रास्ट्रक्चर का तहस-नहस किया जाना।

उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समाधान यात्रा को व्यवधान यात्रा की संज्ञा देते हुए कहा कि बिहार की 14 करोड़ जनता को छला जा रहा है।सीएम नीतीश का इकबाल अब समाप्त हो चुका है। सत्ता के लोभ में वे भ्रष्टाचारियों की गोद में बैठे हुए हैं।

उन्होंने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पूजा-अर्चना में भाग नही ले पाने की वजह पर पत्रकारों को बताया कि मौसम की खराबी के कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का सोनपुर आगमन में विलंब हुआ। अब जब भी वे आएंगे जरुर हरिहरनाथ मंदिर आएंगे। यह तय है।

इस अवसर पर भाजपा के सारण जिलाध्यक्ष रामदयाल शर्मा, उपाध्यक्ष लालबाबू सिंह कुशवाहा, अमनौर के विधायक कृष्ण कुमार सिंह मंटू, भाजपा नेता राकेश कुमार सिंह, राजीव कुमार सिंह मुनमुन, सुधीर कुमार सिंह भोला, मिथिलेश सिंह, सुनील दुबे आदि उपस्थित थे।

 107 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *