इक्यावन दिन के प्रवास पर निकले बेरमो जिला बनाओ संघर्ष समिति संयोजक

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बेरमो जिला बनाओ संघर्ष समिति के बैनर तले समिति के संयोजक संतोष नायक11 जून को 51 दिन के प्रवास के लिए तेनुघाट से निकले।

मालुम हो कि बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल के विभिन्न पंचायतों में समिति संयोजक का एक एक रात का प्रवास है, जहां पंचायत के रहिवासियों को वे जागरूक करेंगे।
बताया जाता है कि अनुमंडल बने 51 वर्ष बीत जाने के बाद भी बेरमो अनुमंडल को जिला का दर्जा नही मिल सका है।

जबकि, बेरमो पूरे झारखंड प्रदेश में सबसे पुराना अनुमंडल है और जिला बनने की सभी अहर्ता पूर्ण करता है। इसके बावजूद आज तक इसे जिला का दर्जा नहीं प्राप्त हो सका है।
जिला बनाओ रथ को जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी एवं अधिवक्ता संघ सह जिला बनाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष कामेश्वर मिश्रा, महासचिव वकील प्रसाद महतो, भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष चितरंजन साव एवं तेनुघाट पंचायत की मुखिया पति संतोष श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

बताते चले कि इससे पूर्व जिला बनाने को लेकर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन 86 दिनों तक बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट अनुमंडल कार्यालय के पास किया गया था।

जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री झारखंड सरकार हेमंत सोरेन एवं वर्तमान मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, विधान सभाध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो एवं राज्यपाल को जिला बनाने की मांग को लेकर गोमियां विधायक डॉक्टर लंबोदर महतो के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया था। मुख्य मंत्री के सकारात्मक पहल पर लोक सभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए धरना प्रदर्शन को तत्काल स्थगित किया गया था।

पुनः विधान सभा चुनाव से पूर्व जिला की मांग को लेकर आंदोलन को गति देने की दिशा में समिति आर पार के लड़ाई में निकल पड़ी है। जिला बनाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन प्रारंभ किया गया है। आंदोलन को गति देने के लिए 11 जून से प्रत्येक पंचायत में जन जागरण अभियान के तहत अभियान चलाकर सभी पंचायत के रहिवासियों को जागरूक किया जाएगा।

बताया जाता है कि 50 दिन पूर्ण होने पर एक अगस्त को जिला बनाओ संघर्ष समिति द्वारा बेरमो बंद का आह्वान किया गया है। बताते चलें कि बेरमो जिला बनाने को लेकर लगभग 3 वर्षों से बेरमो जिला बनाओ संघर्ष समिति के द्वारा निरंतर आंदोलन चल रहा है।

जिसका समय-समय पर प्रखंड पदाधिकारी से लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला उपायुक्त, कमिश्नर ऑफिस, मुख्यमंत्री, विधान सभा अध्यक्ष एवं राज्यपाल को भी ज्ञापन सोपा गया है। सरकार की उदासीन रवैया को देखते हुए जिला बनाओ संघर्ष समिति आर पार की लड़ाई लड़ने का मूड बना चुकी है।

मौके पर तेनुघाट पंचायत की मुखिया नीलम श्रीवास्तव, कुलदीप प्रजापति, मिथुन चंद्रवंशी, विश्वनाथ महतो, शालिग्राम प्रसाद, विजय महतो, अभिषेक मिश्रा, अरुण महतो सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।

 63 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *