डीएलएसए न्याय रथ सह चलंत वाहन द्वारा प्रखंड कार्यालय में जागरूकता शिविर

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। झालसा रांची के निर्देशानुसार गिरिडीह न्याय मंडल में आम जनों के बीच विधिक जानकारी एवं विधिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से न्याय रथ -सह- चलंत वाहन को गिरिडीह जिले में भेजा गया है।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह वीणा मिश्रा के मार्गदर्शन में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 जनवरी को जिला के हद में जमुआ प्रखंड परिसर में विधिक जागरूकता सह साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में रिटेलर अधिवक्ता फ्रंट कार्यालय गिरिडीह एवं पैनल अधिवक्ता ने उपस्थित होकर आम जनों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के विभिन्न कार्यक्रम जैसे राष्ट्रीय लोक अदालत, मासिक लोक अदालत, स्थाई लोक अदालत, मध्यस्थता केंद्र, निःशुल्क अधिवक्ता प्रदान करने, आदि।

कोर्ट फीस प्रदान करने, विक्टीम कंपनसेशन स्कीम इत्यादि योजनाओं के बारे में आम रहिवासियों को जानकारी देते हुए उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने का सुझाव दिया। उन्होंने आम जनों को अपने बच्चों को निरंतर शिक्षा प्रदान करने हेतु शिक्षा का अधिकार अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम प्रतिषेध अधिनियम इत्यादि कानून के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यक्रम को जमुआ के प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार ने भी संबोधित करते हुए केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में आम रहिवासियों को जानकारी प्रदान किया। इस दौरान आम जनों के बीच पंपलेट का वितरण कर विधिक जागरूकता किया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह सौरव कुमार गौतम ने तमाम बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, एनजीओ कर्मियों, आम जनों से अपील किया कि वे अपने स्तर से भी अपने क्षेत्रों में प्रचार प्रसार करें, ताकि झालसा रांची के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। साथ हीं समाज के अंतिम तबके में रहने वाले आमजनों तक सक्षम, सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जा सके।

आज के इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पारा लीगल वालंटियर्स दिलीप कुमार, सुबोध कुमार साव, कामेश्वर कुमार, हीरा देवी, महेंद्र प्रसाद वर्मा, मुकेश कुमार वर्मा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह के सहायक नवनीत कुमार दाराद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 91 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *