कृषि मंत्री ने किया बोकारो सदर अस्पताल का निरीक्षण

कोविड 19 को लेकर प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य व्यवस्था पर जताया संतोष
प्रहरी संवाददाता/बोकारो। झारखंड सरकार (Jharkhand government) के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने 24 मई को बोकारो भ्रमण के दौरान बोकारो सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। साथ ही कोविड-19 को लेकर उपस्थित चिकित्सा कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने 24 मई को जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से उनका हाल–चाल जाना। अस्पताल की व्यवस्था एवं स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार की जानकारी मरीजों से ली। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति सकारात्मक बात कहीं। जिस पर मंत्री ने संतोष जताया। उन्होंने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अस्पताल की दुरूस्त व्यस्था को देखते हुए जिले में मेडिकल कॉलेज की मांग से राज्य के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री व अन्य मंत्रीयों से संवाद कर इस पर सकारात्मक पहल करने की बात कहीं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों का हौसला अफजाई किया। कहा कि आप सभी मानव जाति के लिए भगवान का स्वरूप हो। आप सभी के सहयोग से ही कोरोना पर विजय प्राप्त किया जा सकता है।
कृषि मंत्री ने जिले में चल रहें टीकाकरण अभियान की भी जानकारी डॉ. एन पी सिंह एवं संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों से ली। उन्होंने स्वयं विभिन्न टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण कर टीकाकरण कार्य को देखा। केंद्र पर उपस्थित लोगों से भी बात की। कृषि मंत्री ने जिला कृषि पदाधिकारी से जिले में खरीफ वर्ष 2021–22 को लेकर विभाग द्वारा की गई तैयारी की जानकारी ली। विभाग द्वारा उपलब्ध बीज एवं किसानों के बीच उसके वितरण के संबंध में पूछा। जिला कृषि पदाधिकारी ने विस्तार से मंत्री को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 35 हजार हेक्टेयर अच्छादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिशा में योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। विभाग से संबंधित कई अन्य बिंदुओं पर भी कृषि मंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा की और जरूरी दिशा निर्देश दिया।
इससे पूर्व कृषि मंत्री ने एनआइसी कक्ष में राज्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो संवाद में हिस्सा लिया। कृषि मंत्री ने देर शाम बोकारो परिसदन में पत्रकारों से भी संवाद कर सरकार द्वारा राज्यवासियों के बेहतरी को लेकर किए जा रहे कार्यों, कोविड 19 से पार पाने की आगे की रणनीति सहित कई अन्य बिंदुओं की जानकारी दी। मौके पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ एन पी सिंह, प्रभारी पदाधिकारी पवन कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।

 516 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *