Advertisement

ट्रैफिक पुलिस ने चलाया सघन वाहन जांच अभियान, 32 वाहनों से वसूले 49 हजार

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। ट्रैफिक पुलिस द्वारा बोकारो जिला (Bokaro District) के हद में स्थित कथारा में लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बावजूद इसके वाहन चालक सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं।
इसी क्रम में एक बार फिर 19 अक्टूबर की दोपहर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिसमें 32 वाहन चालको से दंड स्वरूप ₹ 49 हजार वसूला गया।

जानकारी के अनुसार गोमियां-फुसरो मुख्य मार्ग पर स्थित गायत्री ज्ञान मंदिर कथारा के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन विभाग के सहायक अवर निरीक्षक शैलेंद्र मुर्मू एवं ट्रैफिक पुलिस के जवान कर रहे थे। टीम द्वारा दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों की सघन जांच कर 32 छोटे-बड़े वाहनों से दंड स्वरूप 49 हजार रूपये वसूला गया।

बताया जाता है कि वाहन जांच के क्रम में चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाए जाने सहित वाहन का वैध कागजात यथा पंजीकरण प्रमाण, प्रदूषण प्रमाण पत्र, इंश्योरेंस पेपर, ड्राइविंग लाइसेंस आदि की जांच की गयी।

जांच के क्रम में दोपहिया वाहनों में वाहन चालक के हेलमेट की अनिवार्यता सहित उपरोक्त वाहन कागजातों की जांच के अलावा ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की गयी। कमी पाए जानेवाले वाहनों से ऑनलाइन दंड शुल्क वसूला गया। अभियान सुबह नौ बजे से दोपहर लगभग दो बजे तक चला।

मौके पर मौजूद जांच कर्मियों यथा सहायक अवर निरीक्षक शैलेंद्र मुर्मू
सहित ट्रैफिक सिपाही विनोद कुमार एवं फूलचंद रजवार ने बताया कि आला अधिकारियों के दिशा निर्देश के आलोक में यह अभियान चलाया गया है।

जानकारी के अनुसार जांच की भनक लगते ही वाहन चालकों के बीच अफरा-तफरी मच गई और वाहन सवार वैकल्पिक मार्ग से छुप छुपाते भागते नजर आये। कइयों ने तो ट्रैफिक जवानो के द्वारा रुकने का इशारा पाते हीं येन केन प्रकारेण मौके का लाभ लेते हुए ऐसे गायब हुए मानो गधे के सिर से सिंह।

मौके पर जांच दल ने कहा कि बेरमो कोयलांचल में खुले आम यातायात नियमों की अनदेखी हो रही है। बाईक चालक बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं पहनते हैं। साथ हीं कार चलाते समय सीट बेल्ट भी नहीं लगाते जो कानूनन अपराध है। मगर अब ऐसा नहीं चलने दिया जायेगा। कानून का उल्लंघन करने वालो के साथ सख्ती बरती जायेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *