Advertisement

पं. दीनदयाल ग्रामीण कौशल विकास योजना के तहत युवाओं को रोजगार देने की पहल

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना के तहत 15 अक्टूबर को पेटरवार स्थित वन विभाग के सभागार में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया गया।

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की ओर से एक दिवसीय रोजगार मेला में बोकारो जिले के गोमिया, कसमार एवं पेटरवार प्रखंड के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद एवं जिला पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से किया।

आयोजित रोजगार मेले में कुल 12 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए। यहां पहुंचे युवाओं ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर जाकर रोजगार के अवसरों, कार्य की प्रकृति और चयन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। मौके पर बीपीएम हेमंत कुमार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उनके कौशल विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। मेले में शामिल कंपनियों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा और चयनित प्रतिभागियों को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कई योजनाएं चला रही है। शिक्षित बेरोजगारों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। हालांकि, रोजगार मेले में प्रचार-प्रसार एवं पर्याप्त जानकारी के अभाव के कारण क्षेत्र के कई बेरोजगार युवक- युवतियां इसका लाभ उठाने से वंचित रह गए। ऐसे में भविष्य में इस तरह के आयोजनों की जानकारी व्यापक स्तर पर समाज तक पहुंचाने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *