ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। शारदीय नवरात्र दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल प्रशासन अलर्ट मोड में है।
जानकारी के अनुसार 15 अक्टूबर को बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में अनुमंडल क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजनों को सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया। मौके पर एसडीएम मनोज कुमार ने कहा कि नवरात्रि पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। अनुमंडल, प्रखंड और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक कर ली गई है। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, आवश्यक स्थलों पर बैरिकेडिंग की गई है और जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय रहेगा।

एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पर्व-त्योहार खुशियां और प्रेम बांटने का अवसर है। सभी संयमित और अनुशासित तरीके से शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। किसी भी तरह का उपद्रव या अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी चतरोचट्टी, महुआतांड, ललपनिया, रहावन, तेनुघाट, गोमिया समेत अन्य अधिकारी और पुलिस जवान मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply