दुर्गा पूजा, दिवाली, छठ के मद्देनजर विस्थापितों से धरना स्थगित करने की अपील
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला में विधि-व्यवस्था की स्थिति को लेकर जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 14 अक्टूबर को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये।
जिला समाहरणालय में आयोजित बैठक में बीएसएल से संबंधित गतिरोध पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने बीएसएल के प्रभारी निदेशक प्रिय रंजन एवं ईडी (एचआर) राजश्री बनर्जी को वार्ता की पहल कर सकारात्मक तरीके से गतिरोध का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। उन्होंने पिछली त्रिपक्षीय बैठक के बाद जारी कार्यवाही विवरण के अनुरूप कार्रवाई करने की बात कही।उपायुक्त ने अप्रेंटिस विस्थापितों से दुर्गा पूजा, दिवाली, छठ एवं अन्य त्योहार के मद्देनजर जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने पर्व-त्योहार की संवेदनशीलता एवं आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धरना कार्यक्रम स्थगित करने का आग्रह किया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा कोई भी कानून अपने हाथ में नहीं ले। सभी संबंधित पक्षों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखना, आमजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शांतिपूर्ण वातावरण कायम रखना पुलिस-प्रशासन का दायित्व है। पर्व-त्योहार के दौरान आम रहिवासियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी संबंधित पक्षों को जिम्मेदारी एवं संयम के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विधि-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने तथा निर्धारित कार्यक्रमों के दौरान आवश्यक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही, विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बीएसएल प्लांट के निर्देशक प्रभारी प्रिय रंजन, इडी एचआर राजश्री बनर्जी, जिला पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, चास के अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा, एएसपी, सहायक पुलिस अधीक्षक वेदांत शंकर, बेरमो एसडीओ मनोज कुमार, एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, सिविल सर्जन डॉ ए. बी. प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply