Advertisement

नौ दिवसीय श्रीमद् देवी महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा श्रवण के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बोकारो जिला के हद में तेनुघाट न्यू मार्केट स्थित दुर्गा मंदिर में नौ दिवसीय श्रीमद् देवी महापुराण भक्ति एवं ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन ब्रह्मलीन उर्मिला गुप्ता की पुण्य स्मृति में बीते 11 अक्टूबर से आगामी 19 अक्टूबर तक किया गया है।

यज्ञ के तीसरे दिन 14 अक्टूबर की संध्या सात बजे आरती एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्वलन तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो सहित अन्य सामाजिक जनों ने किया। इस दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

ज्ञान यज्ञ में कथा वाचन श्रीश्री 1008 ब्रह्मचारी आशुतोष चैतन्यजी महाराज, त्रिदंडी आश्रम, शंकराचार्य आश्रम मध्य प्रदेश द्वारा किया जा रहा है। वे संगीतमय प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को मां देवी भागवत की कथा का रसपान करा रहे हैं।

प्रवचन के दौरान उन्होंने कहा कि मनुष्य अपने शरीर को साबुन से साफ कर लेता है, लेकिन मन की शुद्धि भजन और भक्ति से होती है। भक्ति और भजन से मन में भाव उत्पन्न होता है और इससे भगवंत अपने भक्तों पर प्रसन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी धार्मिक कथा का आयोजन हो, श्रद्धालुओं को उसका श्रवण करना चाहिए। कहा कि कथा श्रवण से मन को शांति और शुद्धता मिलती है।

कथा के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों, शक्ति उपासना और नवरात्रि के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला जा रहा है। भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। आयोजक दया शंकर गुप्ता ने बताया कि स्व. उर्मिला गुप्ता की स्मृति में इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में भक्ति एवं धर्म का प्रचार-प्रसार करना है। कथा सुनने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो सहित कई अन्य उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *