Advertisement

दिल्ली में बिहार के बाढ़ नियंत्रण पर मंथन, गंडक नहर परियोजनाओं को गति देने पर जोर

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री से मिले रूडी व् संजय झा स्थायी बाढ़ नियंत्रण की मांग

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार में बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर 14 अक्टूबर को देश की राजधानी नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक की गयी। बैठक में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के साथ सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी और जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय झा ने बाढ़ की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।

जानकारी के अनुसार उच्च स्तरीय बैठक में जलशक्ति मंत्रालय की सचिव अर्चना वर्मा, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह और केंद्रीय जल आयोग के अध्यक्ष अनुपम प्रसाद भी मौजूद रहे।
बैठक में बाढ़ प्रभावित सारण जिला समेत पूरे बिहार में बाढ़ के कारणों, भविष्य की चुनौतियों और स्थायी समाधान पर मंथन किया गया। सांसद रूडी ने भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रभावी बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।

सांसद रूडी ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि ईस्टर्न और वेस्टर्न गंडक नहर परियोजना तथा उससे जुड़ी सिंचाई परियोजनाओं को पुनः शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में आ रही पर्यावरण संबंधी बाधाओं को दूर करने के लिए ठोस पहल की जाए। सांसद रूडी ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार के संयुक्त प्रयास और बेहतर समन्वय से इन परियोजनाओं को लागू किया जाना चाहिए। इससे बाढ़ के प्रभाव को कम करने के साथ-साथ सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से बड़ी सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण योजनाओं में बिहार को प्राथमिकता देने की भी मांग की, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *