Advertisement

सहयोगिनी कार्यालय में धूमधाम से मना अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। स्वयंसेवी संस्था सहयोगिनी द्वारा 11 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में बहादुरपुर स्थित कार्यालय में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना, उन्हें सशक्त बनाना और उनके सुरक्षित भविष्य की रूपरेखा तैयार करना रहा।

आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की सचिव कल्याणी सागर ने कहा कि बेटियाँ किसी भी समाज की रीढ़ होती हैं। उन्हें केवल समान अवसर ही नहीं, बल्कि एक सुरक्षित और प्रेरक वातावरण भी उपलब्ध कराना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब हम एक बालिका को शिक्षित और सक्षम बनाते हैं, तो हम केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी पीढ़ी का निर्माण करते हैं।

संस्था के निदेशक गौतम सागर ने कहा कि बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने बाल विवाह, लैंगिक असमानता और शिक्षा के अभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए ठोस और निरंतर प्रयासों पर बल दिया। समन्वयक कुमारी किरण ने कहा कि जमीनी स्तर पर बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और कानूनी अधिकारों को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है, ताकि हर बेटी अपने सपनों को बिना किसी भय के पूरा कर सके।

वहीं, प्रकाश कुमार महतो ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समुदाय की सक्रिय भागीदारी और सहयोग के बिना बालिका सुरक्षा और विकास की बात अधूरी है। कहा कि बेटियों को खेल, तकनीकी शिक्षा और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए परिवार और समाज दोनों को मिलकर मंच देना होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों और कार्यकर्ताओं ने बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
मौके पर संस्था की एनिमेटर रेखा देवी, पुष्पा देवी, संगीता देवी, मंजू देवी, कुमारी किरण, प्रकाश कुमार महतो, अंजली कुमारी, स्वाती कुमारी, शष्टी कुमारी आदि मौजूद रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *