प्रहरी संवाददाता/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नगर परिषद फुसरो के कस्तूरबा श्रीविद्या निकेतन ढोरी में 8 अक्टूबर को खुला दिवस (ओपन डे) का आयोजन किया गया। उक्त आयोजन में अभिभावकों को उनके बच्चों की अर्धवार्षिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएँ दिखाई गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की वंदना सभा में माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया गया। वंदना के पश्चात सभी अभिभावक निर्धारित कक्षाओं में पहुँचे, जहाँ उन्होंने अपने-अपने बच्चों की अर्धवार्षिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन किया। साथ ही, अभिभावकों ने कक्षा में होने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा घर पर बच्चों द्वारा की जाने वाली शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को भी शिक्षकों के साथ साझा किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या रूमी सरकार ने अर्धवार्षिक परीक्षा के परिणाम एवं विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया और उनकी प्रगति को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय और घर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग देने का आह्वान किया।

परीक्षा प्रमुख मंतोष प्रसाद ने भी अर्धवार्षिक परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों की मेहनत, परीक्षा की तैयारी तथा उनके प्रदर्शन के संबंध में अभिभावकों को आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करना और उनकी क्षमताओं को सही दिशा देना विद्यालय एवं अभिभावक दोनों की संयुक्त जिम्मेदारी है।
खुला दिवस पर अभिभावकों की संख्या 400 रही। अभिभावकों और शिक्षकों के बीच सार्थक संवाद एवं बेहतर समन्वय का माध्यम बना। अभिभावकों ने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ उनकी कक्षा-कक्ष गतिविधियों को समझा और शिक्षकों से आवश्यक सुझाव भी प्राप्त किए।
![]()













Leave a Reply