Advertisement

तेनुघाट में भाकपा द्वारा प्रदर्शन तथा मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) द्वारा 8 अक्टूबर को भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जुलूस निकाला गया। इस अवसर पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाकर एसआईआर का विरोध किया गया।

जानकारी के अनुसार भाकपा कार्यकर्ताओं ने पुतला लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारा लगाते तेनुघाट बस स्टैंड से जुलूस निकाली गयी। जुलूस अनुमंडल मुख्यालय का चक्कर लगाते हुए बिरसा चौक पर सभा में बदल गई। सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव एवं झारखंड आंदोलनकारी इफ्तेखार महमूद ने कहा कि वर्ष 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय समिति में मुख्य न्यायाधीश को शामिल करने का आदेश दिया था, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने मुख्य न्यायाधीश को हटाकर एक मंत्री को शामिल कर लिया, जिसके बाद चुनाव आयोग स्वतंत्र संस्था नहीं रहकर केंद्र सरकार के अधीन हो गया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद चुनाव आयुक्त अशोक लवासा को जिस तरह तंग किया गया, उससे स्पष्ट हो गया कि सरकार को स्वतंत्र चुनाव आयोग पसंद नहीं है। कहा कि कानून में संशोधन कर चुनाव आयुक्तों को सुरक्षा दे दी गई है, उनकी स्थिति राजा जैसी हो गई है। वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ने मनमाने ढंग से देश में एसआईआर करवाकर आम देशवासियों को परेशानी में डाल दिया है।

हमारी मांग है कि दल विशेष के लिए काम करने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत हटाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी देशवासी का नाम मतदाता सूची से न हटे, अन्यथा पार्टी सड़कों पर उतरेगी। सभा को प्रदेश किसान सभा उपाध्यक्ष पंचानन महतो, राज्य परिषद सदस्य मोहम्मद शाहजहां और तेनुघाट बांध विस्थापित संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष उमाचरण रजवार ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर आदिवासी महासभा जिलाध्यक्ष महेंद्र मुंडा, भाकपा गोमिया अंचल सचिव सोमर मांझी, उमेश महतो, चुंबन महतो, महेश रजवार, अजीत महतो, देवानंद प्रजापति, बद्री मुंडा, धनेश्वर रविदास, अनवर रफी, आनंद कुमार सिन्हा, दशमी देवी, शशि बाला देवी, पिंकी देवी, कुंती देवी, रेखा देवी समेत कई अन्य उपस्थित थे। अंत में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *