कार्यक्रम में शामिल पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय ने पीएम के संबोधन का किया श्रवण
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को बोकारो हवाई अड्डा के समीप स्थित बोकारो परिषद मैदान में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय हज़ारो की संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ सम्मिलित हुए।
उक्त जानकारी पूर्व सांसद के निजी सचिव मृत्युंजय पांडेय ने दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद पूर्व सांसद पांडेय ने उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं गणमान्य जनों से मुलाकात की। इस दौरान कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को स्मरण किया गया। इस दौरान उनके सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पड़ावों, राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा जनसेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों पर चर्चा की गई। पूर्व सांसद पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पुरा होना एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान पीएम ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में जनसेवा एवं राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी है।
सेवा ज्योति यात्रा जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनों को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की यात्रा से परिचित होने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए बोकारो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं अन्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने लाइव प्रसारण के माध्यम से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और उनके विचारों को आत्मसात किया।
सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं स्थानीय रहिवासी मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को लेकर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर पूर्व सांसद पांडेय के साथ भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठ तथा मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply