Advertisement

जेजेए बोकारो जिला इकाई चुनाव की तैयारी तेज, 25 को होगा फैसला

बैठक में सर्वसम्मति से चुनाव कराने पर बनी सहमति; सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) बोकारो जिला इकाई के गठन को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई है। इसे लेकर 7 अक्टूबर को बोकारो परिसदन (सर्किट हाउस) में बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता अशोक विश्वकर्मा तथा संचालन शमशेर आलम ने किया।

जेजेए की आयोजित जिला इकाई की बैठक में संगठन के आगामी चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 25 अक्टूबर को दिन के 11 बजे बोकारो सर्किट हाउस में जेजेए बोकारो जिला इकाई की आवश्यक बैठक आयोजित की जाएगी। इसी बैठक में जिला इकाई के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया कि चुनाव सर्वसम्मति के आधार पर कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए बोकारो जिले से जुड़े एसोसिएशन के सभी सदस्यों की बैठक में उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

बैठक में मुख्य रूप से बोकारो जिला प्रभारी सह प्रदेश सचिव मुकेश कुमार सिंह मौजूद रहे। उन्होंने संगठन के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्धारित तिथि को बोकारो जिला इकाई का चुनाव कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और आपसी एकजुटता को ध्यान में रखते हुए चुनाव सर्वसम्मति से कराने की पहल की जा रही है। उन्होंने सभी सदस्यों से निर्धारित तिथि और समय पर सर्किट हाउस बोकारो पहुंचकर बैठक में शामिल होने की अपील की।

उक्त बैठक के दौरान जेजेए की बोकारो जिला इकाई को और अधिक मजबूत बनाने तथा जिले के पत्रकारों को संगठन के माध्यम से एकजुट करने को लेकर भी चर्चा की गयी। सदस्यों ने संगठन की आगामी गतिविधियों, पत्रकारों की समस्याओं और आपसी समन्वय को लेकर अपने विचार रखे। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि संगठन की जिला इकाई सक्रिय रूप से कार्य करे और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाए।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आगामी चुनाव को लेकर अपनी सहमति जताई और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। ज्ञात हो कि, आगामी 25 अक्टूबर को होने वाली बैठक को बोकारो जिला इकाई के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी बैठक में नई जिला कमेटी के गठन की दिशा स्पष्ट होगी। बैठक में पत्रकार हरेराम भारती, एसपी सक्सेना, सिराज अंसारी, संदीप सिंह, मुकेश लाल, शिवशंकर सिंह, अनिल चौधरी, अरविंद कुमार, शिवकुमार सिंह, राजकुमार, रोहित शर्मा, राहुल शर्मा, मखदूम आलम सहित जेजेए के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *