Advertisement

विशेष अभियान 6.0 के तहत सीसीएल में ई-कचरा प्रबंधन का शुभारंभ

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के प्रांगण में विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत ई-कचरा प्रबंधन: प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण अभियान का शुभारंभ 6 अक्टूबर को किया गया।

इस अवसर पर सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह ने ई-वेस्ट संग्रहण केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक कचरा निस्तारित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी एवं निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा उपस्थित रहे। साथ ही मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मौके पर निदेशकों, महाप्रबंधकों एवं विभागाध्यक्षों ने स्वयं ई-कचरा संग्रहण केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक कचरा निस्तारित कर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम के दौरान सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस एवं पब्लिक रिलेशंस (सीसी एंड पीआर) विभाग द्वारा निर्मित परिकल्पना सीसीएल के ताऊ के एआई (आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस) अवतार का अनावरण किया। सीसीएल के ताऊ कंपनी के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के वीडियोज़ में दिखाई देते हैं और सीसीएल की विभिन्न पहलों एवं गतिविधियों से संबंधित जानकारी को सरल एवं प्रभावी तरीके से आमजनों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार कंपनी की इस पहल के माध्यम से ई-कचरे के उचित संग्रहण, पृथक्करण एवं वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर विशेष रूप से तैयार किया गया सेल्फी स्टैंड भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं। विशेष अभियान 6.0 के तहत ई-कचरा प्रबंधन जैसी पर्यावरणीय पहल को बढ़ावा देना सीसीएल की स्वच्छ, स्वस्थ एवं सतत कार्यस्थल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पहल ई-कचरे के जिम्मेदार प्रबंधन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को भी मजबूत करती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *