एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राजभाषा पखवाड़ा के अवसर पर बीते 3 अक्टूबर को बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा आयोजित नराकास अध्यक्षीय राजभाषा चल वैजयंती प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।
राजभाषा पखवाड़ा का आयोजन बीते 14 से 28 सितंबर तक किया गया। इस दौरान बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा नराकास (नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति) के सदस्य संगठनों के बीच राजभाषा संबंधी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल ने पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल विगत लगभग 40 वर्षों से नराकास में पंजीकृत नहीं था। विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी. आर. डे के विशेष प्रयासों से पहली बार विद्यालय का नराकास में पंजीकरण कराया गया तथा विद्यालय ने राजभाषा संबंधी प्रतियोगिता में सहभागिता की। पहली ही बार प्रतियोगिता में भाग लेकर प्रथम पुरस्कार प्राप्त करना विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
राजभाषा पखवाड़ा के समापन-सह-पुरस्कार समारोह का आयोजन बोकारो के सेक्टर चार के मंगलम बैंक्वेट हॉल में किया गया। समारोह में बोकारो स्टील प्लांट के प्रभारी निदेशक प्रिय रंजन द्वारा केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के प्राचार्य डॉ बी. आर. डे को राजभाषा चल वैजयंती का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।.इस अवसर पर प्राचार्य डॉ डे ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डीवीसी बोकारो थर्मल के मुख्य महाप्रबंधक सुशील कुमार अरजरिया एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन रांची संभाग के उपायुक्त एस. बी. जोगलेकर के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि उपरोक्त अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से विद्यालय को नराकास से जुड़ने तथा राजभाषा प्रतियोगिता में सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहन मिला।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को राजभाषा हिंदी के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता, प्राचार्य के प्रयासों तथा अधिकारियों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। लगभग चार दशकों तक नराकास से बाहर रहने के बाद पहली बार पंजीकरण, प्रतियोगिता में सहभागिता और उसी वर्ष प्रथम पुरस्कार प्राप्त करना केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के लिए निश्चित रूप से एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। इस सम्मान से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
![]()













Leave a Reply