Advertisement

भाजपा के भीष्म पितामह कैलाशपति मिश्र की मनाई गई जयंती, दी गयी श्रद्धांजलि

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विधायक कार्यालय में 5 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी के भीष्म पितामह स्व. कैलाशपति मिश्र की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. मिश्र के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं वंदे मातरम के गायन के साथ की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू ने की।

इस अवसर पर वरीय भाजपा नेता नरेश सिंह ने कहा कि कैलाशपति मिश्र भारतीय राजनीति के प्रमुख स्तंभ थे, जिन्होंने भारतीय जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी के संगठन को खड़ा करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने बताया कि दिवंगत मिश्र ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया था, जिसके लिए उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। वे 1943 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे।

नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 1971 में उन्होंने जनसंघ के टिकट पर पटना लोकसभा से चुनाव लड़ा। 1977 में बिक्रम विधानसभा सीट से जीतकर वे कर्पूरी ठाकुर सरकार में बिहार के वित्त मंत्री बने। वर्ष 1980 में वे भाजपा के प्रथम बिहार प्रदेश अध्यक्ष बने और वर्ष 1995 से 2003 तक पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे। कहा कि मई 2003 से जुलाई 2004 तक वे गुजरात के राज्यपाल रहे तथा राजस्थान के कार्यवाहक राज्यपाल का दायित्व भी संभाला। बिहार भाजपा में उन्हें आज भी भीष्म पितामह के रूप में याद किया जाता है।
उन्होंने बताया कि 3 नवंबर 2012 को उनका निधन हो गया और भारत सरकार ने वर्ष 2016 में उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किया।

कार्यक्रम के अंत में दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर महामंत्री मंगल प्रसाद यादव, सरपंच दिलीप शर्मा, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, पवन कुमार सिंह गगन, दुर्गा दास, कृष्णनंदन दास, राजन कुमार दास, वीरेश कुमार, ओमप्रकाश राय, अभिनव कुमार शर्मा सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *