डीआरएम ने किया बिहार संपर्क क्रांति के पैंट्रीकार का निरीक्षण
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। स्वच्छता पखवाड़ा एवं विशेष अभियान एससीडीपीएम 6.0 के तहत पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में 4 अक्टूबर को यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार रेल मंडल प्रशासन द्वारा सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नौगछिया सहित सात प्रमुख स्टेशनों पर स्थित पैंट्रीकार, बेस किचन और कैटरिंग इकाइयों में गहन सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान रसोई की दीवारों, फर्श, एग्जॉस्ट हुड और डक्ट्स से तेल और कालिख हटाने के लिए डीग्रीसिंग की गई। खाना पकाने के उपकरणों, बर्तनों, स्टोरेज रैक की गहन सफाई की गई। साथ ही ड्रेनेज लाइनों, ग्रीस ट्रैप, पेयजल बिंदुओं और जल भंडारण टैंकों का निरीक्षण कर सफाई सुनिश्चित की गई, ताकि जल निकासी सुचारू रहे और दुर्गंध की समस्या न हो।

इसी क्रम में सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार एवं अन्य शाखाधिकारियों ने सोनपुर और हाजीपुर स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टेशन पर लगे फूड स्टॉलों और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पैंट्रीकार में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और यात्रियों को परोसे जा रहे भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया। सोनपुर रेल मंडल प्रशासन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य रेल यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित भोजन के साथ स्वच्छ व स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध कराना है। कहा गया कि स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियां आगे भी जारी रहेगी।
![]()













Leave a Reply