Advertisement

सबलपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच कांग्रेस सेवा दल द्वारा एक सप्ताह का राशन वितरण

सबलपुर में 200 बाढ़ प्रभावितो के लिए शुरू किया गया सामुदायिक किचन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के सबलपुर दियारे में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच गरीब और जरूरतमंद परिवार राहत के लिए परेशान हैं। सरकारी स्तर पर राहत पहुंचने में देरी हो रही है। ऐसे में कांग्रेस सेवा दल ने मानवीय पहल दिखाते हुए बीते 7 एवं 8 सितंबर को सबलपुर के बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया।

जानकारी के अनुसार सोनपुर प्रखंड के सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के उप मुखिया सतीश शर्मा ने बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस सेवा दल के कुमार रोहित से राहत सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। अनुरोध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 सितंबर को बिहार की राजधानी पटना से कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता सबलपुर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के बीच एक सप्ताह का राशन वितरित किया।

बताया जाता है कि कांग्रेस सेवा दल के द्वारा उपलब्ध राहत पैकेट में चावल, दाल, आटा, चीनी, चना, सोयाबीन, चूड़ा, गुड़, चायपत्ती और नमक जैसी आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल थी। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावितो के लिए रात्रि में सामुदायिक रसोई की भी व्यवस्था की गई, जिसमें लगभग 200 रहिवासियों के भोजन का प्रबंध किया गया, ताकि कोई भी बाढ़ पीड़ित भूखा न रहे।

इस अवसर पर उप मुखिया सतीश शर्मा ने कहा कि बाढ़ की इस कठिन घड़ी में जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। बिना किसी भेदभाव के पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आना कांग्रेस सेवा दल की सराहनीय मानवीय पहल है। उन्होंने कहा कि जब गरीब परिवार भोजन और दैनिक जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब इस तरह की मदद उनके चेहरों पर मुस्कान लाती है। इसके लिए उन्होंने कांग्रेस सेवा दल, कुमार रोहित और पटना से आए सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।

उप मुखिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर पीड़ित मानवता की सेवा ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और सक्षम जनों से भी सबलपुर के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *