दिघवारा में मही नदी के तटबंध में 12 मीटर कटाव, तीन पंचायतों में घुसा पानी
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिले में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। जिले के 7 प्रखंडों की 33 पंचायतों के 93 गांव बाढ़ से घिर गए हैं, जिससे कुल 2,05,849 की आबादी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सारण जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन और राहत कार्यों के लिए 119 नावें और 6 बोट एंबुलेंस तैनात की हैं। बोट एंबुलेंस के जरिए प्रभावितों को त्वरित चिकित्सा सुविधा पहुंचाई जा रही है। अब तक 377 पशुओं को सुरक्षित पशु आश्रय स्थलों में रखा गया है। सभी प्रभावित क्षेत्रों में पॉलिथीन शीट, सूखा राशन और अन्य राहत सामग्री का वितरण लगातार जारी है।
सूचनानुसार बाढ़ के बीच बड़ी घटना सारण जिला के हद में दिघवारा प्रखंड में प्राप्त हुई है। यहां मही नदी के दायें तटबंध में 5 सितंबर की सुबह लगभग 5:30 बजे पानी के अत्यधिक दबाव से 7.5 किलोमीटर के समीप लगभग 12 मीटर में टूटान हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग के मुख्य अभियंता, कार्यपालक अभियंता और तकनीकी टीम मरम्मत कार्य में जुटी है। कुछ ही घंटों में मरम्मत पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
तटबंध टूटने से दिघवारा की तीन पंचायतें अकिलपुर सहित प्रभावित हुई हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अकिलपुर में नावों का परिचालन जारी है। एसडीआरएफ की टीम तैनात है और एनडीआरएफ की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रखंडवार मेडिकल टीमें लगाई गई है, जिसमें रिविलगंज में 3, सदर छपरा में 6, दिघवारा में 3, सोनपुर में 6 और मकेर में एक टीम सक्रिय है। मोबाइल मेडिकल टीमों की तत्परता से बाढ़ क्षेत्र में एक सुरक्षित प्रसव भी कराया गया है।
जिला के हद में सबसे अधिक प्रभावित सोनपुर प्रखंड के 16 पंचायतों के 65 गांवों में 1.30 लाख आबादी हुई है। यहां 55 नाव, 2 बोट एंबुलेंस संचालित है। जबकि एक सामुदायिक रसोई में 1056 बाढ़ पीड़ित रहिवासियों ने भोजन किया। 2 पशु आश्रय स्थलों में 101 पशु, 1200 पॉलिथीन शीट वितरित किया गया।

सदर छपरा प्रखंड के कोटवा पट्टी रामपुर, बरहरा महाजी, रायपुर, बिनगांवा सहित 9 गांवों में 54,328 की आबादी बाढ़ प्रभावित है। यहां 30 नाव, 2 बोट एंबुलेंस कार्य कर रहा है। दिघवारा प्रखंड के अकिलपुर और रामपुर आमी की 11 गांवों में 17,442 आबादी प्रभावित हुई है। यहां 21 नाव, एक बोट एंबुलेंस, 450 पॉलिथीन शीट वितरित किया गया है। इसी तरह गरखा में 1179, रिविलगंज नगर में 2000, मकेर में 300 और दरियापुर में 600 रहिवासी बाढ़ से प्रभावित हैं। सभी जगह नाव, पशु आश्रय और पॉलिथीन का वितरण जारी है। जिला एवं प्रखंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय हैं। जिला प्रशासन ने आम जन से अपील की है कि पैनिक न हों और अफवाहों पर ध्यान न दें।
![]()













Leave a Reply