अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। लगातार बारिश और गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण पंचायत के कई गांव जलमग्न हो गए हैं। घरों में पानी घुसने से रहिवासी सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को विवश हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के उप मुखिया सतीश कुमार सिंह ने स्थानीय विधायक विनय कुमार सिंह एवं सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
जारी अपील में उप मुखिया ने उपरोक्त जनप्रतिनिधियों से कहा है कि ऐसे संकट की घड़ी में बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए आम जनों को सहयोग और संवेदनशीलता की आवश्यकता है। उन्होंने राहत सामग्री की व्यवस्था की मांग की है, जिसमें चावल, आटा, दाल, नमक, तेल, चीनी, गुड़, चूड़ा, सूखा राशन, बिस्किट, बेबी फूड, मोमबत्ती आदि शामिल हो। साथ हीं उप मुखिया ने मेडिकल सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है, जिसमें डॉक्टरों की टीम, आवश्यक दवाइयां, ओआरएस, ग्लूकोज, प्राथमिक उपचार किट शामिल है। कहा है कि बाढ़ प्रभावित पंचायत क्षेत्र के रहिवासियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने, पहुंचाने और दैनिक आवागमन के लिए पर्याप्त नाव की व्यवस्था किया जाये।
उन्होंने इसके अलावा शुद्ध पेयजल, शौचालय की व्यवस्था, पशु चारा, सैनिटरी पैड, दूध, कंबल आदि की भी तत्काल व्यवस्था की मांग की है। उप मुखिया ने उपरोक्त जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत, प्रखंड सोनपुर, जिला सारण के रहिवासियों की पीड़ा को समझते हुए तत्काल राहत सामग्री एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की कृपा करें। आपसे आशा है, सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने अंत में कहा है कि जन सेवा ही सच्ची राजनीति है। आप जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
![]()













Leave a Reply