Advertisement

केबी कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग में सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित के. बी. कॉलेज बेरमो के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा 3 सितंबर को सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. लक्ष्मी नारायण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि महाविद्यालय के प्रोफेसर इंचार्ज गोपाल प्रजापति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ नीला पूर्णिमा तिर्की की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ वासुदेव प्रजापति सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ प्रजापति ने सेमेस्टर-8 के सभी विद्यार्थियों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन एवं उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की। रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों की विभिन्न उपलब्धियों को रेखांकित किया गया।

समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य एवं मनोरंजक खेलों के माध्यम से कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया तथा पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। ओवरऑल परफॉर्मेंस के लिए गुड़िया कुमारी, बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए मोनू कुमारी तथा बेहतर उपस्थिति के लिए शिल्पी कुमारी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई अन्य विद्यार्थियों को भी प्रमाण-पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन सेमेस्टर-6 की अद्विदा सिंह एवं सेमेस्टर-4 की अनन्या कश्यप ने किया।

कार्यक्रम की बेहतर प्रस्तुति के लिए मोनी कुमारी तथा खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छोटेलाल नायक को पारितोषिक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता एवं आपसी सौहार्द विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सम्मान एवं विदाई का यह समारोह विद्यार्थियों के लिए भावुक और यादगार अवसर बन गया। विद्यार्थियों ने भी विभाग एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए। समारोह ने एक ओर विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं अन्य उपलब्धियों को सम्मानित किया, वहीं दूसरी ओर सेमेस्टर-8 के विद्यार्थियों को भावपूर्ण विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल, सुखद एवं सफल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *