Advertisement

बेरोजगारी देश के विकास में बड़ी बाधा-मुमताज अंसारी

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। ज्ञान विज्ञान समिति झारखंड के तत्वावधान में 30 अगस्त को बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के बुंडू पंचायत सचिवालय सभागार में बेरोजगारी सर्वे के उपरांत तैयार समेकित प्रतिवेदन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।

आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता बोकारो जिला ज्ञान विज्ञान समिति के अध्यक्ष मुमताज अंसारी ने की। इस दौरान भविष्य का भारत कार्यक्रम पर भी विस्तार से चर्चा की गई। समिति के प्रांतीय कोषाध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद ठाकुर ने कहा कि बेरोजगारी देश की एक बड़ी ज्वलंत समस्या बनकर सामने आई है। बेरोजगारी सर्वे के माध्यम से इस समस्या की गंभीरता का निष्कर्ष सामने आया है। उन्होंने भविष्य का भारत कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन की ओर से इसके तहत 250 रहिवासी शिक्षा केंद्रों का गठन किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र में दो-दो स्वयंसेवकों की नियुक्ति कर केंद्र का संचालन किया जाएगा। इन शिक्षा केंद्रों के माध्यम से लोक साक्षरता के साथ आमजनों को अपने अधिकार, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न विकास योजनाओं एवं उससे संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

समिति के अध्यक्ष मुमताज अंसारी ने कहा कि बेरोजगारी देश के विकास में एक बड़ी बाधा है। कहा कि जब तक बेरोजगारी की समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक देश का विकास अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ सकेगा। उन्होंने बेरोजगारी की समस्या के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। मौके पर जिला सदस्य राजेश कुमार, पार्वती देवी, रुद्रा देवी, बीना देवी एवं सुनीता देवी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *