Advertisement

श्रावणी पूर्णिमा पर हरिहरक्षेत्र में उमड़ा आस्था का सैलाब, तीन मंत्रियों ने किया जलाभिषेक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावणी पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सारण जिला के हद में सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ की नगरी हरिहर क्षेत्र में 28 अगस्त को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ प्रदेश के कई गणमान्य राजनेताओं ने भी बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई।

जानकारी के अनुसार इस अवसर पर बिहार सरकार के तीन वरिष्ठ मंत्रियों ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया। दर्शन करने वालों में भवन निर्माण तथा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, खान एवं भूतत्व तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी शामिल थे। उनके साथ क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।

मंदिर पहुंचने पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों ने सभी मंत्रियों तथा अतिथियों का स्वागत किया। न्यास के अर्चकों और पुजारियों यथा आचार्य सुशीलचंद्र शास्त्री, पवन ओझा, सदानंद बाबा आदि ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मंत्रियों को बाबा का विशेष पूजन और जलाभिषेक कराया। सभी ने हरिहर क्षेत्र सहित पूरे देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ ने तीनों मंत्रियों को अंग-वस्त्र, पुष्प-माला, बाबा का विशेष प्रसाद और मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

वहीं, संध्या बेला में श्रावणी पूर्णिमा के उपलक्ष्य में बाबा हरिहरनाथ का बर्फ से विशेष अलौकिक श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने श्रृंगार आरती में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *