Advertisement

सनातन संस्कृति विश्व कल्याण व् मानसिक शांति का आधार-डॉ प्रमोद चंद्रवंशी

श्रावण उत्सव में गणेश वंदना और भक्ति गीतों से गूंजा मंदिर परिसर

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के तत्वावधान में 28 अगस्त की देर संध्या श्रावण उत्सव का आयोजन किया गया। आयोजित हरिहरनाथ श्रावण उत्सव में भक्ति, संस्कृति और सनातन परंपरा का अलौकिक संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में सजी सांस्कृतिक संध्या के दौरान श्रद्धालुओं ने मंत्रमुग्ध करने वाली प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के मंत्री डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी का स्वागत विनोद सम्राट ने अंगवस्त्र तथा सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह ने बाबा हरिहरनाथ का प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ आशुतोष कुमार ने किया। इस अवसर पर धर्म जागरण समन्वय (उत्तर बिहार) के क्षेत्र प्रचारक सूबेदारजी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उपेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता किसलय किशोर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

मौके पर अपने संबोधन में मंत्री डॉ प्रमोद चंद्रवंशी ने सनातन संस्कृति की व्यापकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम उस परंपरा के संवाहक हैं, जो केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि समस्त विश्व के कल्याण की कामना करती है। उन्होंने कहा कि हमारी मूल भावना सर्वे भवन्तु सुखिनः में संपूर्ण मानवता के सुख और शांति का संदेश निहित है। उन्होंने वर्तमान समय की भागदौड़ और मानसिक तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज के लिए संजीवनी का कार्य करते हैं। कहा कि संगीत और भक्ति के वातावरण से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे नकारात्मकता दूर होती है और इंसान आत्मिक शांति का अनुभव करता है। कहा कि उत्सव हमारी संस्कृति में केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और संस्कारों के संवाहक हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत दीपक ओबरॉय एंड कंपनी की गणेश वंदना से की गयी। इसके बाद सुप्रसिद्ध लोक गायक अजीत आनंद, विकास भोजपुरिया, सपना कश्यप, सपना झा और बिट्टू झकारिया की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को झूमने पर मजबूर कर दिया। भक्तिमय गीतों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति ने इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों, गणमान्य अतिथियों एवं स्थानीय रहिवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *