ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल तेनुघाट स्थित अवर निबंधक कार्यालय में पिछले एक सप्ताह से एनजीडीआरएस सर्वर सेवा ठप होने से जमीन की रजिस्ट्री का काम पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि रजिस्ट्री कार्यालय में रोजाना जमीन रजिस्ट्री, दस्तावेजों की स्कैनिंग और ऑनलाइन एंट्री का काम होता है। लेकिन एनजीडीआरएस सर्वर नहीं चलने के कारण एक भी रजिस्ट्री ढंग से नहीं हो पा रही है। सर्वर घंटा दो घंटा में दस मिनट चलता है, फिर बंद हो जाता है, जिसके कारण आसपास के ग्रामीण रहिवासियों को दिन दिन भर कार्यालय के चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस क्रम में कई ग्रामीण रहिवासी जरूरी काम के लिए 2-3 बार कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, बावजूद इसके बिना काम कराये उन्हें बैरंग लौटना पड़ रहा है।
स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि नेट बंद होने से न सिर्फ आमजनों का काम रुका है, बल्कि सरकार को भी हर दिन लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। रजिस्ट्री शुल्क, स्टाम्प ड्यूटी और अन्य सरकारी फीस समय पर जमा नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने बोकारो जिला प्रशासन और निबंधन विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि समस्या का जल्द समाधान कर इंटरनेट सेवा बहाल की जाए ताकि आमजनों को राहत मिल सके। फिलहाल निबंधन कार्यालय में तैनात कर्मी भी नेट ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
![]()













Leave a Reply