Advertisement

श्रावण मास में बाबा हरिहरनाथ धाम में दर्शनार्थ न्यायिक विभूतियों का लगा तांता

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावण मास के पावन अवसर पर सारण जिला के हद में हरिहर क्षेत्र सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों का तांता लगा है। इसी क्रम में बीते 10 और 12 अगस्त को मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार बीते 10 अगस्त को पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रवीण कुमार, न्यायाधीश न्यायमूर्ति कुमार मनीष और न्यायाधीश न्यायमूर्ति अंशुलजी ने बाबा हरिहरनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। सभी ने बाबा का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजन कर राष्ट्र कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर स्थानीय समाजसेवी अमित सिंह उर्फ पिंकू सिंह द्वारा मंदिर का विशेष श्रृंगार और मनमोहक सजावट कराई गई थी। मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष प्रमोद मुकेश ने न्यायाधीशों को अंगवस्त्र, पुष्पमाला और बाबा हरिहरनाथ का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

वहीं 12 अगस्त की सुबह 8 बजे पदस्थापना से सारण जिला के पूर्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (छपरा) अनन्त सिंह ने सपरिवार बाबा हरिहरनाथ का दर्शन-पूजन कर स्वयं को धन्य किया। उनके साथ व्यवहार न्यायालय छपरा के न्यायालय प्रबंधक अमरीश रॉय भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पमाला और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

इस दौरान सोनपुर व्यवहार न्यायालय के न्यायिक अधिकारी अनुराग मिश्र, गजाला तसलीन, नाजीम अहमद, व्यवहार न्यायालय छपरा एवं सोनपुर के कई गणमान्य अधिकारी, कर्मचारी और मंदिर के सेवाकर्मी उपस्थित रहे। सभी आगंतुकों ने मंदिर व्यवस्था और हरिहर क्षेत्र सोनपुर की जनता के उज्ज्वल भविष्य की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि श्रावण मास में सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जहाँ भक्त पवित्र गंगा और नारायणी गंडक नदी से जल लेकर जलाभिषेक करते हैं। यह दुनिया का एकमात्र ऐसा शिवालय है जहाँ भगवान शिव (हर) और भगवान विष्णु (हरि) एक ही मंडप में हरिहर रूप में विराजमान है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *