बाबा गरीबनाथ धाममुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए दो लाख श्रद्धालु
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए सारण जिला के हद में सोनपुर के पहलेजाधाम घाट स्थित दक्षिणवाहिनी गंगा तट पर 9 अगस्त को डाक कांवरियों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।
बताया जाता है कि 9 अगस्त की शाम तक पहलेजा घाट से पैदल और मोटरसाइकिल के जरिए लगभग दो लाख डाक कांवरिये मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पहलेजा घाट पर पवित्र गंगा स्नान किया। इसके पश्चात, विधि-विधान से गंगाजल भरकर बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक हेतु अपनी पैदल यात्रा शुरू की।
इस अवसर पर गेरुआ वस्त्र धारण किए कांवरियों ने अपनी पीठ पर प्लास्टिक के कलश में गंगाजल ले रखा था। इस दौरान पूरे मार्ग पर बोल बम, डाक बम, हर-हर महादेव और बाबा एक सहारा है, बाबा नगरिया दूर है, जाना जरूर है जैसे गूंजते जयघोषों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पहलेजा घाट से लेकर कांवरिया मार्ग तक दिनभर अभूतपूर्व चहल-पहल बनी रही।
सभी डाक कांवरिये पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर सोनपुर के नए गंडक पुल, हाजीपुर, सराय, भगवानपुर और रामदयालु होते मुजफ्फरपुर की ओर आगे बढ़े। इन जत्थों में युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल थे। कांवरियों की सुरक्षित यात्रा और सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा मार्ग में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण, सुचारू यातायात और कांवरियों की सुरक्षा के लिए पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी रख रहे हैं, साथ ही पूरे कांवरिया मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यात्रा मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा शिविर, विश्राम और प्राथमिक उपचार जैसी तमाम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
बताया जाता है कि डाक कांवरियों की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर समाजसेवी संगठनों और स्थानीय रहिवासियों द्वारा सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में कांवरियों को पेयजल, शरबत, नींबू-पानी, फल, चाय और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की जा रही है। इसके साथ ही कई स्थानों पर उनके विश्राम करने की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
![]()













Leave a Reply